मृतक व्यापारी अमित कुमार गुप्ता के परिजनों से मिले आर्यनगर विधायक, पुलिस की कार्यशैली पर उठाए सवाल
- हरिओम गुप्ता
कानपुर। आर्यनगर विधायक अमिताभ बाजपेई ने काकादेव स्थित मृतक व्यापारी अमित कुमार गुप्ता के आवास पहुंचकर शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी। परिजनों ने विधायक को बताया कि घटना के चार दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस का कोई बड़ा अधिकारी जांच के सिलसिले में या परिवार को सांत्वना देने उनके घर नहीं पहुंचा, जिससे परिजनों में आक्रोश है।
विधायक अमिताभ बाजपेई ने कहा कि यह बेहद शर्मनाक है कि पांडुनगर चौकी से महज 300 मीटर की दूरी पर बीच सड़क पर एक कारोबारी को करीब 30 मिनट तक पीटा जाता रहा और पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के बाद भी जघन्य अपराधी बेखौफ होकर वीडियो जारी कर रहे हैं, जिससे साफ है कि उनमें पुलिस का कोई भय नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि अपराधियों पर पुलिस का संरक्षण है।
अमिताभ बाजपेई ने कहा कि यह घटना कानपुर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि शहर में व्यापारियों के बीच भय का माहौल है और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता है।
विधायक ने पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का आश्वासन देते हुए सभी आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने पीड़ित परिवार को सुरक्षा और आर्थिक सहायता देने, मामले की जांच उच्चाधिकारियों से कराने तथा मुकदमे की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराए जाने की मांग की।
इस अवसर पर सपा नेता सम्राट विकास यादव, नीरज सिंह, कृष्णा शर्मा, वीरेंद्र त्रिपाठी, वरुण जायसवाल, विकास कनौजिया, चेतन पांडे सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।


