‘हाउसिंग फॉर ऑल’ मिशन को मिलेगा बल, अगस्त 2026 तक 10 हजार परिवारों को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। पीएनबी हाउसिंग फाइनांस ने कानपुर के कल्याणपुर क्षेत्र में देश की अपनी तरह की पहली पीएमएवाई (प्रधानमंत्री आवास योजना) नोडल शाखा की शुरुआत की है। इस पहल का उद्देश्य पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत मिलने वाली सब्सिडी का लाभ दिलाना तथा उन्हें किफायती आवास ऋण सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
इस ऐतिहासिक अवसर पर नेशनल हाउसिंग बैंक के प्रबंध निदेशक संजय शुक्ला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि पंजाब नेशनल बैंक के लखनऊ जोन के जोनल मैनेजर पंकज आनंद विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान पीएनबी हाउसिंग फाइनांस ने कानपुर के किदवई नगर में एक नई होम लोन शाखा का भी उद्घाटन किया। कंपनी ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी (PMAY-U 2.0) के तहत अब तक 7,000 से अधिक परिवारों को सहयोग प्रदान किया जा चुका है और अगस्त 2026 तक 10,000 परिवारों को लाभान्वित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
पीएनबी हाउसिंग फाइनांस के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी अजय शुक्ला ने कहा कि कंपनी सरकार के ‘हाउसिंग फॉर ऑल’ विजन को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पीएमएवाई नोडल शाखा के माध्यम से पात्र परिवारों को आवास वित्त की सुविधाएं अधिक सरलता और पारदर्शिता के साथ उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश किफायती आवास क्षेत्र में तेजी से विकसित हो रहा राज्य है और कानपुर इस विकास का महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभर रहा है। नेशनल हाउसिंग बैंक एवं पंजाब नेशनल बैंक के सहयोग से कंपनी अधिक से अधिक लोगों के घर खरीदने के सपने को साकार करने का प्रयास कर रही है।
कंपनी के अनुसार वर्तमान में उत्तर प्रदेश में उसकी 46 शाखाएं संचालित हैं, जिनमें से 30 शाखाएं किफायती आवास (रोशनी) सेगमेंट के लिए समर्पित हैं। कानपुर में पहले से दो शाखाएं संचालित हैं और नई शाखाओं के शुभारंभ के साथ कंपनी क्षेत्र में बढ़ती आवासीय मांग को पूरा करने की दिशा में और अधिक प्रभावी भूमिका निभाएगी।
पीएनबी हाउसिंग फाइनांस का यह कदम पात्र परिवारों को आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभ को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


