कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता ने समयबद्ध तैयारियां सुनिश्चित करने के दिए निर्देश, कैलाश भवन सभागार का किया निरीक्षण
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए), कानपुर में प्रस्तावित 28वें दीक्षांत समारोह की तैयारियों को लेकर कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता की अध्यक्षता में कुलपति सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में दीक्षांत समारोह के सफल आयोजन के लिए गठित विभिन्न समितियों के अध्यक्षों एवं अधिकारियों से तैयारियों की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली गई।
बैठक का संचालन कुलसचिव रेनू सिंह ने किया। इस दौरान कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता ने कुलाधिपति द्वारा जारी निर्देशों के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का 28वां दीक्षांत समारोह एक गरिमामय एवं प्रतिष्ठित शैक्षणिक आयोजन है, जिसे सफल बनाने के लिए सभी समितियों के बीच बेहतर समन्वय और जिम्मेदारीपूर्ण कार्यशैली आवश्यक है।
कुलपति ने कहा कि सभी समितियां अपनी निर्धारित जिम्मेदारियों के अनुसार तैयारियों को अंतिम रूप दें और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए संबंधित अधिकारियों एवं समिति सदस्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए।
बैठक से पूर्व कुलपति ने कैलाश भवन सभागार का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आयोजन स्थल पर साफ-सफाई, बैठक व्यवस्था, विद्युत एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में कुलसचिव रेनू सिंह, अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. मुकेश श्रीवास्तव, निदेशक शोध डॉ. महक सिंह, अर्थ नियंत्रक संजय राय, निदेशक प्रसार डॉ. वी.के. त्रिपाठी, अधिष्ठाता कृषि संकाय डॉ. कौशल कुमार सहित विश्वविद्यालय के समस्त अधिकारी एवं वैज्ञानिक उपस्थित रहे।


