
मोतीझील के प्रमिला सभागार में सैकड़ों लोगों ने सुना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन, वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने पीछे की पंक्ति में बैठकर दिया कार्यकर्ता सम्मान का संदेश
- मनीष कुमार
कानपुर नगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 139वें संस्करण का रविवार को कानपुर के मोतीझील स्थित प्रमिला सभागार में आयोजन किया गया। सुबह 11 बजे आयोजित कार्यक्रम में युवाओं, महिलाओं और प्रबुद्ध वर्ग के सैकड़ों लोगों ने प्रधानमंत्री का संबोधन सुना। विशाल एलईडी स्क्रीन के माध्यम से कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया, जिससे उपस्थित लोग सीधे प्रधानमंत्री के विचारों से जुड़ सके।
कार्यक्रम में युवाओं की भागीदारी विशेष रूप से देखने को मिली। सभागार में बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे, वहीं महिलाओं ने भी उत्साह के साथ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। आयोजन के दौरान बैठने की व्यवस्था, अनुशासन और सहभागिता पर ध्यान दिया गया।
कार्यक्रम के आयोजन और व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र की विधायक नीलिमा कटियार ने संभाली। भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू, प्रदेश महामंत्री शंकर लाल लोधी, राज्यसभा सदस्य प्रकाश पाल, मानवेंद्र सिंह, क्षेत्रीय महामंत्री आदित्य त्रिवेदी और जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने सभागार की पिछली पंक्ति में बैठकर कार्यक्रम सुना। आयोजकों के अनुसार, इस व्यवस्था के माध्यम से कार्यकर्ताओं के सम्मान और संगठनात्मक अनुशासन का संदेश देने का प्रयास किया गया।
भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के ‘मन की बात’ संयोजक अनूप अवस्थी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह कार्यक्रम समाज के विभिन्न वर्गों को राष्ट्र निर्माण, जनसेवा और सामाजिक सहभागिता से जोड़ने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि कानपुर में युवाओं और महिलाओं की भागीदारी कार्यक्रम के प्रति लोगों की रुचि को दर्शाती है।
अनूप अवस्थी ने कहा कि ‘मन की बात’ को सुनने के साथ-साथ इसमें व्यक्त विचारों को समाज तक पहुंचाना और उन्हें सामाजिक जीवन में अपनाना भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने राष्ट्र निर्माण में युवाओं, महिलाओं और प्रबुद्ध नागरिकों की भूमिका को रेखांकित किया।
कार्यक्रम में संयोजक राधा सैनी, मंडल अध्यक्ष अश्वनी गौतम, प्रमोद विश्वकर्मा और जन्मेजय सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने बताया कि कानपुर उत्तर जिले के 1,283 बूथों पर पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुना।
मोतीझील के प्रमिला सभागार में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से स्थानीय स्तर पर प्रधानमंत्री के संबोधन को सुनने के लिए लोगों को एक मंच पर जुटाया गया। वहीं, जिले के विभिन्न बूथों पर हुए आयोजनों के जरिए भी पार्टी कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में सहभागिता की।


