
वरिष्ठ योग शिक्षकों का हुआ सम्मान, योग, आयुर्वेद एवं प्राकृतिक चिकित्सा पर राष्ट्रीय संगोष्ठी, निशुल्क स्वास्थ्य शिविर में सैकड़ों लोगों ने लिया लाभ
ज्योति सिंह
कानपुर नगर। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आर्ट ऑफ लिविंग एवं योग वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा स्वास्थ्य जागरूकता अभियान के अंतर्गत केशवपुरम, कल्याणपुर स्थित KDMA वर्ल्ड स्कूल में योग चेतना महोत्सव एवं योग गौरव सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कानपुर के वरिष्ठ योग शिक्षकों को सम्मानित किया गया तथा योग, आयुर्वेद, वैदिक प्राकृतिक चिकित्सा एवं पर्यावरण विषय पर राष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि स्नातक विधायक अरुण पाठक ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर स्वस्थ और संतुलित समाज का निर्माण किया जा सकता है।
राष्ट्रीय संगोष्ठी में “वाटर वूमेन ऑफ इंडिया” शिप्रा पाठक मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने जल संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और स्वस्थ जीवनशैली में योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए जल बचाने और प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर रामा मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल की ओर से निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें विशेषज्ञ चिकित्सकों ने लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श प्रदान किया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में रवि बाजपेयी, अंतरराष्ट्रीय कथावाचक शिवाकांत जी महाराज, जितेंद्र प्रताप सिंह, डॉ. सीमा द्विवेदी, पुनीत अवस्थी, प्रोमिला वैद्य, बिंदु सिंह, डॉ. ओम प्रकाश आनंद, देवेंद्र सिंह, शोभित दीक्षित, उत्तम शुक्ला, देवेंद्र दीक्षित सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

समारोह में शहर के वरिष्ठ योग प्रशिक्षकों को योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए योग गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक, आध्यात्मिक और सामाजिक संतुलन का भी सशक्त माध्यम है।
कार्यक्रम के आयोजक एवं आर्ट ऑफ लिविंग के अंतरराष्ट्रीय योग प्रशिक्षक राहुल यदुवंशी ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य समाज में योग, आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने सभी से नियमित योग अपनाने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का समापन सभी अतिथियों, योग शिक्षकों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए राष्ट्र और समाज के उत्तम स्वास्थ्य की कामना के साथ हुआ।


