HomeNEWSराष्ट्रीय रक्तदाता महाकुंभ में सम्मानित हुईं अम्बेडकरनगर की संध्या सिंह, बढ़ाया जिले...

राष्ट्रीय रक्तदाता महाकुंभ में सम्मानित हुईं अम्बेडकरनगर की संध्या सिंह, बढ़ाया जिले का गौरव

बिहार में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय रक्तदाता महाकुंभ–2 में रक्तदान जनजागरण, महिला नेतृत्व और समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए मिला राष्ट्रीय सम्मान

  • अमित तिवारी

अम्बेडकरनगर। रक्तदान जनजागरण और समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली अम्बेडकरनगर की समाजसेवी संध्या सिंह ‘समीप’ को बिहार के रोहतास स्थित गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय, जमुहार में आयोजित “रक्तदाता महाकुंभ–2 (International Blood Donation Festival-cum-Conference & Workshop)” में राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान रक्तदान जागरूकता, स्वैच्छिक रक्तदान आंदोलन, महिला नेतृत्व और सामाजिक सेवा में उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रदान किया गया।

मुख्य अतिथि बिपिन कुमार, निदेशक, सीआईडी बिहार सरकार ने उन्हें सम्मानित किया। इस राष्ट्रीय आयोजन में भारत के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ नेपाल और भूटान सहित कई देशों के रक्तदाता, चिकित्सक, समाजसेवी और विशेषज्ञ शामिल हुए। ऐसे प्रतिष्ठित मंच पर संध्या सिंह का सम्मानित होना अम्बेडकरनगर और उत्तर प्रदेश के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है।

संध्या सिंह वर्तमान में इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी, अम्बेडकरनगर शाखा की चेयरमैन तथा आरम्भ फाउंडेशन की अध्यक्ष हैं। वह लंबे समय से स्वैच्छिक रक्तदान, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता अभियानों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। उनके नेतृत्व में जिले में रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए कई अभियान संचालित किए गए हैं।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी संध्या सिंह को उनके सामाजिक कार्यों के लिए उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और उत्तराखंड के राज्यपालों द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। हाल ही में लखनऊ में आयोजित समारोह में उन्हें निफा संस्था द्वारा सोशल इम्पैक्ट अवार्ड तथा वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ एक्सीलेंस (इंग्लैंड) की ओर से प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किया गया था।

चार और पांच जुलाई को आयोजित दो दिवसीय रक्तदाता महाकुंभ में रक्तदान जनजागरण, युवाओं की भागीदारी, रक्त सुरक्षा, स्वैच्छिक रक्तदान शिविरों की उपयोगिता और रक्तदान आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक चर्चा हुई।

सम्मान प्राप्त करने के बाद संध्या सिंह ‘समीप’ ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि अम्बेडकरनगर के सभी रक्तवीरों, इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी, आरम्भ फाउंडेशन और उनके साथ जुड़े प्रत्येक कार्यकर्ता के समर्पण का सम्मान है। उन्होंने कहा कि रक्तदान किसी अनजान व्यक्ति को नया जीवन देने का सबसे बड़ा माध्यम है और समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को इस पुनीत कार्य में आगे आना चाहिए।

उन्होंने कार्यक्रम के आयोजक बामेंद्र कुमार सिंह, आयोजन समिति, पथ प्रदर्शक परिवार, गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय तथा बिहार राज्य एड्स नियंत्रण सोसाइटी सहित सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सेवा, संवेदना और मानवता की भावना को और अधिक मजबूत करने का कार्य करते हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments