सेंट्रल जोन साइबर क्राइम टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई; ₹58,800 नकद, एटीएम कार्ड, मोबाइल, कार और बाइक बरामद, मास्टरमाइंड फरार
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। थाना नवाबगंज पुलिस एवं सेंट्रल जोन साइबर क्राइम टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह का मुख्य सरगना क्षितिज अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से बैंकिंग दस्तावेज, कई एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन, ₹58,800 नकद, एक कार तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि अभियुक्तों से जुड़े बैंक खातों के विरुद्ध एनसीआरपी (National Cyber Crime Reporting Portal) पर 50 से अधिक साइबर शिकायतें दर्ज हैं।
प्रारंभिक विवेचना में पता चला है कि गिरोह लोगों को अधिक मुनाफे का लालच देकर उनके नाम से बैंक खाते खुलवाता था। बाद में इन्हीं खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि के लेन-देन, ट्रांसफर और हेराफेरी के लिए किया जाता था। इस तरह आरोपी संगठित तरीके से साइबर अपराधों को अंजाम दे रहे थे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है। गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। फरार सरगना सहित सभी आरोपियों के विरुद्ध साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


