पुलिस उपायुक्त यातायात रवीन्द्र कुमार की अध्यक्षता में ऑटो, टेम्पो व ई-रिक्शा यूनियन पदाधिकारियों के साथ यातायात व्यवस्था सुधार पर चर्चा
- ऋषभ कुमार
कानपुर नगर। दिनांक 05.06.2026 को पुलिस उपायुक्त यातायात रवीन्द्र कुमार की अध्यक्षता में पुलिस ऑफिस सभागार, कानपुर नगर में सुगम यातायात योजना “Reducing Traffic Congestion (RTC) Scheme” के अंतर्गत शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में ऑटो, टेम्पो एवं ई-रिक्शा चालक यूनियन के पदाधिकारियों के साथ यातायात व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।
पुलिस उपायुक्त यातायात द्वारा निर्देश दिए गए कि ई-रिक्शा, ई-ऑटो एवं टेम्पो जैसे सार्वजनिक वाहनों द्वारा चौराहों एवं तिराहों से कम से कम 100 मीटर की दूरी पर ही सवारी को बैठाया एवं उतारा जाए, ताकि चौराहों पर अनावश्यक वाहन जाम एवं यातायात बाधा को रोका जा सके।
बैठक में सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन, अतिक्रमण हटाने, अवैध पार्किंग पर प्रभावी कार्रवाई तथा नागरिकों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया। यूनियन पदाधिकारियों द्वारा भी यातायात सुधार हेतु सुझाव प्रस्तुत किए गए, जिन पर सकारात्मक चर्चा हुई।
इस अवसर पर नगर निगम के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर आर.के. तिवारी, सहायक पुलिस आयुक्त यातायात मनोज कुमार सिंह तथा ऑटो एवं ई-रिक्शा यूनियन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।


