कानपुर व्यापारियों ने गैस संकट पर जताई चिंता, प्रधानमंत्री को सौंपा ज्ञापन

कानपुर उद्योग व्यापार मंडल (उत्तर) के नेतृत्व में कैटरर्स और होटल एसोसिएशन ने वाणिज्यिक गैस आपूर्ति में सुधार की मांग की
- अंकित बाजपेई
कानपुर नगर। पिछले कई दिनों से हो रही गैस की कमी को लेकर व्यापारियों ने प्रशासन से तत्काल समाधान की मांग की। इसी क्रम में आज कानपुर उद्योग व्यापार मंडल (उत्तर) के पदाधिकारियों ने मंडल अध्यक्ष विजय पंडित की उपस्थिति और जिला अध्यक्ष सुनील बजाज के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपा।
व्यापार मंडल के साथ-साथ कानपुर कैटरर्स एसोसिएशन और कानपुर होटल रेस्टोरेंट एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भी इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। ज्ञापन देश के नरेंद्र मोदी के नाम कमिश्नर वी. पांडियन के माध्यम से भेजा गया। व्यापारियों ने बताया कि गैस की कमी के कारण छोटे और बड़े सभी व्यापारी गंभीर कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं और उनका व्यवसाय प्रभावित हो रहा है।

कमिश्नर वी. पांडियन ने आश्वासन दिया कि घरेलू गैस की आपूर्ति पहले ही सुधर चुकी है और शीघ्र ही वाणिज्यिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति भी सामान्य हो जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने जिलाधिकारी को निर्देशित किया कि गैस आपूर्ति की निगरानी के लिए एक विशेष टीम बनाई जाए, ताकि व्यापारियों की समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला महामंत्री कृपा शंकर त्रिवेदी, कोषाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, कैटरर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष देवेंद्र गुप्ता, महामंत्री अभिषेक तिवारी, सुरेश गुप्ता, सुशील गुप्ता, वेद द्विवेदी, दिलीप महाराज, सौरभ त्रिवेदी, गुलशन जायसवाल सहित अन्य पदाधिकारी और व्यापारी उपस्थित रहे।



