
एनआरआई सिटी में बच्चों ने नृत्य, गायन, फैशन वॉक और कला प्रदर्शन से मोहा मन
- सौम्या पाण्डेय
कानपुर नगर। ऑल इंडिया वूमेन डेवलपमेंट एंड ट्रेनिंग सोसाइटी (AIWDTS) संस्था द्वारा एनआरआई सिटी में किड्स टैलेंट शो एवं फैशन शो का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने अपनी छिपी हुई प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया।
इस अवसर पर आयोजित शो में नृत्य, गायन, वादन, कविता पाठ और आर्ट गतिविधियों में प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मंच पर छोटे-छोटे बच्चों की फैशन वॉक ने भी दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।


कार्यक्रम में आकर्षिका ने नृत्य में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया, वहीं गौरांगी ने अपने मधुर गीत से उपस्थित लोगों की खूब तालियां बटोरीं। प्रतिभागी सारथी ने पेटिंग और स्केच के माध्यम से अपनी कला का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसके अलावा आराध्या, कृतिका, अद्विका, विधि, अद्विका केडिया, निर्विघ्ना, अविघ्ना, सानवी और कृष्णा सहित अन्य बच्चों ने भी अपनी-अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।


कार्यक्रम के दौरान संस्था द्वारा ‘शुभांजली’ और ‘कलारत्नम’ थीम के अंतर्गत बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष जोर दिया गया। इसी क्रम में ‘गुल्लक वितरण अभियान’ का शुभारंभ गायत्री मंत्र के साथ किया गया। इस अभियान के तहत ‘एक विद्यार्थी-एक गुल्लक’ के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए अभिभावकों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।
संस्था की अध्यक्षा डॉ. बिंदु सिंह ने कहा कि आज के समय में बच्चों को केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि अपनी रचनात्मकता और प्रतिभा दिखाने के लिए मंच भी मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाना और उनकी छिपी प्रतिभा को निखारना है।
कार्यक्रम का संचालन शुभांगी सिंह द्वारा किया गया, जबकि निर्णायक मंडल में अवंतिका सिंह उपस्थित रहीं। संस्था का मानना है कि हर बच्चा खास है, बस उसे सही मंच और अवसर की आवश्यकता है।


