
राष्ट्रीय रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप में पश्चिम बंगाल का दबदबा, चार आयु वर्गों के फाइनल में युवा खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
- प्रियंका द्विवेदी
कानपुर नगर। द स्पोर्ट्स हब में आयोजित प्रथम राष्ट्रीय रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप-2026 में बुधवार को युवा खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। चार आयु वर्गों के फाइनल मुकाबलों में पश्चिम बंगाल, असम और अन्य राज्यों के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किए।
युवा बालिका अंडर-11 के फाइनल में पश्चिम बंगाल की कृतिका सायबो ने हरियाणा की फाल्गुन गुप्ता को रोमांचक मुकाबले में 3-2 से हराकर खिताब पर कब्जा जमाया। फाल्गुन ने मुकाबले में दो बार बढ़त बनाई, लेकिन कृतिका ने निर्णायक क्षणों में शानदार वापसी करते हुए चौथा और पांचवां गेम जीतकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। मुकाबले का स्कोर 9-11, 11-9, 9-11, 11-6, 11-9 रहा।

युवा बालक अंडर-11 के फाइनल में पश्चिम बंगाल के देबांशु चक्रवर्ती ने महाराष्ट्र के राजवर्धन तिवारी को 3-1 से पराजित किया। राजवर्धन ने पहला गेम जीतकर मुकाबले की अच्छी शुरुआत की, लेकिन इसके बाद देबांशु ने लगातार तीन गेम जीतते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। मुकाबले का स्कोर 7-11, 12-10, 11-4, 11-4 रहा।
युवा बालक अंडर-13 के फाइनल में पश्चिम बंगाल के अरिव दत्ता ने अपने ही राज्य के गेम महालनाबिश को 3-1 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। वहीं युवा बालिका अंडर-13 के फाइनल में असम की ईशानी गोगोई ने दिल्ली की ख्याति पांडे को सीधे गेमों में 13-11, 11-7, 12-10 से शिकस्त देकर खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि श्री राम जी, प्रांत प्रचारक उपस्थित रहे। इस अवसर पर आर.के. अग्रवाल, विकास चतुर्वेदी और आकाश गोयनका विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
समारोह में संजीव पाठक, चेयरमैन आयोजन समिति, पीयूष अग्रवाल, डायरेक्टर, एमएचपीएल तथा प्रनीत अग्रवाल, सीईओ, टीएसएच की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।


