छात्रों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने किया योगाभ्यास, दैनिक जीवन में योग अपनाने का लिया संकल्प
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, कानपुर के कैम्पस कृषि महाविद्यालय जमुनाबाद गोला में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में आयोजित सात दिवसीय योग सप्ताह का समापन अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भव्य योग कार्यक्रम के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ कृषि महाविद्यालय के प्रभारी अधिष्ठाता डॉ. अनिल कुमार सिंह, सह-प्राध्यापक डॉ. अरुण कुमार एवं डॉ. आनंद कुमार पाण्डेय तथा योग प्रशिक्षक कौशलेन्द्र मिश्र, पूजा पाण्डेय एवं जूली द्वारा कॉमन योग प्रोटोकॉल विवरण पुस्तिका के विमोचन के साथ किया गया।
प्रातः 7 बजे से 8 बजे तक आयोजित योग सत्र में योग प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार सर्वप्रथम सूक्ष्म व्यायाम कराया। इसके बाद त्रिकोणासन, वज्रासन, वृक्षासन, ताड़ासन, भुजंगासन तथा पवनमुक्तासन सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया गया।
प्राणायाम सत्र के दौरान प्रतिभागियों ने नाड़ी शोधन, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी, ओम जाप, कपालभाति, शीतली एवं शीतकारी प्राणायाम का अभ्यास भी किया। योग प्रशिक्षकों ने योग एवं प्राणायाम के स्वास्थ्य लाभों की जानकारी देते हुए नियमित अभ्यास पर बल दिया।
योग कार्यक्रम में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। समापन अवसर पर प्रभारी अधिष्ठाता डॉ. अनिल कुमार सिंह ने सभी प्रतिभागियों को योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा इसके महत्व को समाज और परिवार तक पहुंचाने का संकल्प दिलाया।
उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान देने वाले योग प्रशिक्षकों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में डॉ. अरुण कुमार एवं डॉ. आनंद कुमार पाण्डेय ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर चिकित्साधिकारी डॉ. रविन्द्र नाथ वर्मा, डॉ. राज कुमार, डॉ. सतेन्द्र कुमार, डॉ. संदीप कुमार, डॉ. हिमांशु मिश्रा, डॉ. अनूप कुमार, डॉ. विश्व दीपक चतुर्वेदी, श्रीमती शिखा शुक्ला, श्री राज किशोर, श्री नीरज कुमार सहित लगभग 150 छात्र एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


