HomeNEWS‘योगा फॉर हेल्दी एजिंग’ थीम के साथ मनाया गया 12वां विश्व योग...

‘योगा फॉर हेल्दी एजिंग’ थीम के साथ मनाया गया 12वां विश्व योग दिवस, जवानों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

सेनानायक बी.बी. चौरसिया के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में योग को स्वस्थ, अनुशासित और दीर्घायु जीवन का आधार बताया गया

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। 12वें विश्व योग दिवस के अवसर पर सेनानायक बी.बी. चौरसिया की उपस्थिति एवं निर्देशन में वाहिनी परिसर में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष की वैश्विक थीम ‘योगा फॉर हेल्दी एजिंग’ को केंद्र में रखते हुए आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों एवं जवानों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ योगाचार्य पीटीआई ऋषि यादव के मार्गदर्शन में प्रार्थना एवं शिथिलता अभ्यास के साथ हुआ। इसके उपरांत प्रतिभागियों को ताड़ासन, वृक्षासन, भद्रासन सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया गया। साथ ही अनुलोम-विलोम एवं भ्रामरी प्राणायाम के माध्यम से मानसिक शांति, शारीरिक संतुलन और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया गया।

योगाचार्य ने बताया कि ये योगासन एवं प्राणायाम विशेष रूप से बढ़ती उम्र में अस्थियों की मजबूती, मानसिक एकाग्रता तथा शारीरिक संतुलन बनाए रखने में सहायक होते हैं। कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं जवानों ने पूरे उत्साह के साथ योगाभ्यास किया।

इस अवसर पर सेनानायक बी.बी. चौरसिया ने अपने संबोधन में कहा कि योग केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक अनुशासित कला है। उन्होंने कहा कि वर्तमान की व्यस्त और तनावपूर्ण जीवनशैली में योग ही ऐसा माध्यम है जो तन और मन को एक सूत्र में जोड़ता है।

उन्होंने कहा कि ‘योगा फॉर हेल्दी एजिंग’ की थीम हमें यह संदेश देती है कि उम्र बढ़ना स्वाभाविक है, लेकिन स्वस्थ, ऊर्जावान और सक्रिय जीवन जीना हमारे हाथ में है। यदि योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाया जाए तो बढ़ती उम्र कभी भी व्यक्ति के उत्साह और कार्यक्षमता पर प्रभाव नहीं डाल सकती।

सेनानायक ने कहा कि एक स्वस्थ सैनिक और स्वस्थ नागरिक ही एक सशक्त राष्ट्र की नींव रखते हैं। उन्होंने सभी कर्मियों से नियमित योगाभ्यास करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने मानसिक शांति, स्वस्थ जीवन एवं विश्व कल्याण के लिए संकल्प लिया तथा शांति पाठ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर सेनानायक द्वारा योगाचार्य ऋषि यादव को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में वाहिनी के अधिकारियों एवं जवानों के लिए स्वास्थ्यवर्धक हर्बल पेय की व्यवस्था भी की गई। इस आयोजन ने न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाई, बल्कि कर्मियों के भीतर सकारात्मक ऊर्जा, अनुशासन एवं उत्साह का भी संचार किया।

इस अवसर पर शिविरपाल चंद्रेश्वर, आरटीसी प्रभारी मनोज कुमार श्रीवास्तव, सूबेदार सैन्य सहायक रवेंद्र सिंह चौधरी, हेड क्लर्क विनीत त्रिपाठी, रामेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments