NEWS

केंद्र सरकार की नीतियों पर अखिलेश यादव का हमला, विदेश नीति से लेकर किसानों के मुद्दे उठाए

नई दिल्ली में कार्यक्रम के दौरान बोले— सरकार ने देश को कमजोर किया, किसानों की अनदेखी

  • अखिलेश कुमार अग्रहरि

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला। नई दिल्ली में एक न्यूज चैनल के कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि सरकार की डिप्लोमेसी पूरी तरह फेल हो चुकी है और इससे देश कमजोर हुआ है।

उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार किसानों के हितों की अनदेखी कर रही है और विदेशी व्यापारिक समझौतों के जरिए देश के बाजार को अन्य देशों के हवाले किया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर सब कुछ विदेश से आएगा तो देश का किसान क्या करेगा।

विदेश नीति पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भारत खुद को ‘विश्वगुरु’ कहता है, लेकिन वैश्विक संकटों और युद्ध जैसे मुद्दों पर उसकी प्रभावी भूमिका नजर नहीं आती। उन्होंने कहा कि अगर भारत वास्तव में मजबूत स्थिति में होता तो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निर्णायक हस्तक्षेप करता।

महंगाई और आम जनता की समस्याओं पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि रसोई गैस के बढ़ते दाम से आम आदमी परेशान है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि एलपीजी अब “लापता गैस” बनती जा रही है।

प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में हालात खराब हैं और आम जनता को न्याय नहीं मिल रहा है। उन्होंने विपक्ष के खिलाफ कार्रवाई को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि राजनीतिक द्वेष के चलते झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं।

धार्मिक मुद्दों पर बोलते हुए उन्होंने शंकराचार्य से जुड़े प्रकरण का जिक्र किया और कहा कि सरकार को संतों का सम्मान करना चाहिए, न कि उनका अपमान।

विकास कार्यों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार के दौरान प्रदेश में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे और मेट्रो जैसे कई बड़े प्रोजेक्ट शुरू किए गए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार इन परियोजनाओं को आगे बढ़ाने में विफल रही है।

आगामी चुनावों को लेकर अखिलेश यादव ने दावा किया कि 2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी और सामाजिक न्याय की स्थापना की जाएगी।

Related Articles

Back to top button