
अघोषित कटौती रोकने, स्मार्ट मीटर पर सहमति अनिवार्य करने और लो वोल्टेज समेत विद्युत व्यवस्था सुधार की उठाई मांग
- सौम्या पाण्डेय
कानपुर नगर। भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल केस्को प्रबंध निदेशक (एमडी) कार्यालय, परेड पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने शहर में व्याप्त बिजली समस्याओं को लेकर विस्तृत चर्चा करते हुए आम जनता को गर्मी के मौसम में राहत दिलाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने अघोषित बिजली कटौती पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। उन्होंने जर्जर तारों को शीघ्र बदलने, ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने और खराब ट्रांसफार्मरों को तत्काल बदलने पर जोर दिया। साथ ही लो वोल्टेज की समस्या के समाधान के लिए तकनीकी सुधार कर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की बात कही।
प्रतिनिधिमंडल ने उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में आ रही त्रुटियों को दूर करने के लिए विशेष अभियान चलाने और शिकायत निस्तारण के लिए हेल्पलाइन व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की मांग भी रखी। इसके अलावा यह स्पष्ट किया गया कि बिना उपभोक्ता की सहमति के स्मार्ट मीटर न लगाए जाएं और मीटर रीडर नियमित रूप से रीडिंग लेकर बिल उपलब्ध कराएं।
बैठक के दौरान भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने विद्युत विभाग में कथित अनियमितताओं और अवैध वसूली के मामलों को उठाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की।
इस पर केस्को प्रबंध निदेशक ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उनकी सभी मांगों और सुझावों पर गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। बैठक में पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


