HomeNEWSक्राइस्ट चर्च कॉलेज के 6 विद्यार्थियों ने जीते 11 विश्वविद्यालय पदक, प्रो....

क्राइस्ट चर्च कॉलेज के 6 विद्यार्थियों ने जीते 11 विश्वविद्यालय पदक, प्रो. मीत कमल को मिला उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान

सीएसजेएमयू के 41वें दीक्षांत समारोह में महाविद्यालय का शानदार प्रदर्शन, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने किया सम्मानित

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के 41वें दीक्षांत समारोह में क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर के छह विद्यार्थियों ने कुल 11 विश्वविद्यालय पदक जीतकर महाविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। वहीं महाविद्यालय के रसायन विज्ञान विभाग के प्रो. मीत कमल को अध्यापन के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए “उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान” से सम्मानित किया गया।

पदक विजेताओं में उमरा इकबाल (एम.कॉम.) एवं अनन्या अवस्थी (एम.ए. राजनीति विज्ञान) ने तीन-तीन पदक प्राप्त किए। सहस्त्रांशु मिश्रा (एम.ए. हिंदी) को दो पदक मिले, जबकि वैष्णवी गुप्ता (बी.ए.), राशिका सिंह (एम.ए. अंग्रेज़ी) और श्रजल दीक्षित (एम.ए. इतिहास) ने एक-एक विश्वविद्यालय पदक हासिल किया।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. विनय जॉन सेबेस्टियन ने सभी पदक विजेता विद्यार्थियों एवं प्रो. मीत कमल को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि कॉलेज की उत्कृष्ट शैक्षणिक परंपरा, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण एवं विद्यार्थियों की मेहनत का परिणाम है।

दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं राज्य विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने की। समारोह में कुल 1,07,713 विद्यार्थियों को विभिन्न उपाधियां प्रदान की गईं, जबकि 51 मेधावी विद्यार्थियों को कुल 96 पदकों से सम्मानित किया गया। इनमें 9 छात्र और 42 छात्राएं शामिल रहीं। इसके अतिरिक्त 92 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई।

समारोह के दौरान राज्यपाल ने कानपुर नगर के आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए 300 तथा कानपुर देहात के लिए 200, कुल 500 आंगनबाड़ी किटों का वितरण किया। साथ ही 800 बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण भी कराया गया, जिनमें पुलिसकर्मियों की बेटियां भी शामिल रहीं।

अपने संबोधन में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों में संस्कार, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र निर्माण की भावना भी विकसित करनी चाहिए। उन्होंने विश्वविद्यालयों में पुस्तकालयों के अधिकतम उपयोग, सुंदर हस्तलेखन, नवाचार, कौशल विकास, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण और स्वास्थ्य जागरूकता पर विशेष बल दिया।

समारोह से पूर्व राज्यपाल ने विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित स्टार्टअप एक्सपो का अवलोकन किया, पांच नई परियोजनाओं का लोकार्पण तथा दस विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। उन्होंने विश्वविद्यालय के शिक्षकों द्वारा लिखित पुस्तकों का विमोचन किया और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों, खिलाड़ियों एवं शिक्षकों को सम्मानित किया।

क्राइस्ट चर्च कॉलेज के विद्यार्थियों की इस उल्लेखनीय सफलता से महाविद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। कॉलेज प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी संस्थान के विद्यार्थी शिक्षा, शोध एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय और शहर का नाम रोशन करते रहेंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments