HomeNEWSराज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने राजकीय बाल गृह का किया निरीक्षण, छात्राओं को...

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने राजकीय बाल गृह का किया निरीक्षण, छात्राओं को बांटे कौशल विकास प्रमाण-पत्र

बालिकाओं से संवाद कर जानी शिक्षा, स्वास्थ्य व भविष्य की योजनाएं, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

  • सौम्या पाण्डेय

कानपुर नगर। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं राज्य विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने गुरुवार को स्वरूप नगर स्थित राजकीय बाल गृह (बालिका) का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने बालिकाओं से संवाद कर उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य, दैनिक दिनचर्या एवं भविष्य की योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं प्रभावी समाधान के निर्देश दिए।

भ्रमण के दौरान राज्यपाल ने छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर द्वारा बाल गृह की छात्राओं के लिए संचालित होटल मैनेजमेंट, फैशन डिजाइनिंग एवं अन्य कौशल विकास पाठ्यक्रमों के सफलतापूर्वक पूर्ण करने पर छात्राओं को प्रमाण-पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर फैशन डिजाइनिंग पाठ्यक्रम की 14 तथा होटल मैनेजमेंट पाठ्यक्रम की 10 छात्राओं को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

राज्यपाल ने कहा कि कौशल विकास प्रशिक्षण से बालिकाएं आत्मनिर्भर बनेंगी और भविष्य में सम्मानजनक रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त कर सकेंगी। उन्होंने छात्राओं को जीवन में आगे बढ़ने के लिए निरंतर सीखने, आत्मविश्वास बनाए रखने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी।

इस दौरान राज्यपाल ने बाल गृह में उपलब्ध आवासीय, शैक्षिक, पोषण, स्वास्थ्य एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बालिकाओं को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण एवं सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराया जाए, ताकि उनके सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उन्हें बेहतर भविष्य के लिए आवश्यक अवसर भी मिल सकें।

राज्यपाल ने कहा कि प्रत्येक बालिका को शिक्षा, कौशल और आत्मनिर्भरता के माध्यम से सशक्त बनाना सरकार की प्राथमिकता है तथा इस दिशा में सभी संबंधित विभागों को संवेदनशीलता एवं समन्वय के साथ कार्य करना चाहिए।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments