HomeNEWSक्विज प्रतियोगिता में चार मेडिकल कॉलेजों के छात्रों ने लिया हिस्सा

क्विज प्रतियोगिता में चार मेडिकल कॉलेजों के छात्रों ने लिया हिस्सा

भारतीय बाल रोग अकादमी के 39वें यूजी क्विज कार्यक्रम में मेडिकल छात्रों ने दिखाया ज्ञान और प्रतिभा, जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज कानपुर की टीम रही प्रथम

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। भारतीय बाल रोग अकादमी द्वारा 39वें यूजी क्विज कार्यक्रम का आयोजन एलटी-1, जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज, कानपुर में किया गया। प्रतियोगिता में चार मेडिकल कॉलेजों की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसमें जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज कानपुर, कन्नौज मेडिकल कॉलेज, फतेहपुर मेडिकल कॉलेज और झांसी मेडिकल कॉलेज के रेजिडेंट डॉक्टर शामिल रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. संजय काला, सचिव डॉ. शैलेन्द्र गौतम एवं डॉ. ए.के. आर्या ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों का आयोजन किया गया।

प्रतियोगिता में कुल छह राउंड आयोजित किए गए। क्विज को ज्ञानवर्धक और रोचक बनाने के लिए सामान्य प्रश्नोत्तर, विजुअल राउंड और रैपिड फायर राउंड सहित विभिन्न चरण शामिल किए गए। सभी टीमों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया और अपने ज्ञान का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का संचालन क्विज मास्टर डॉ. नितिका चौहान ने प्रभावशाली एवं कुशल तरीके से किया। इस दौरान विभागाध्यक्ष एवं सचिव डॉ. शैलेन्द्र गौतम, डॉ. ए.के. आर्या, डॉ. यशवंत राव, डॉ. अमितेश यादव और डॉ. प्रशांत प्रियदर्शिनी सहित अन्य चिकित्सक विशेष रूप से मौजूद रहे।

प्रतियोगिता के माध्यम से मेडिकल छात्रों में बाल रोग विज्ञान के प्रति रुचि, ज्ञान और समझ को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। विभिन्न राउंड के बाद प्राप्त अंकों के आधार पर विजेता और उपविजेता टीमों का चयन किया गया।

प्रतियोगिता में जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज कानपुर की टीम से डॉ. शिवांगी चंद्रा और डॉ. अवंतिका सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं एमएलबी झांसी मेडिकल कॉलेज की टीम से डॉ. आयुष अग्रवाल और डॉ. आलोक प्रजापति ने द्वितीय स्थान हासिल किया।

कार्यक्रम के समापन पर डॉ. ए.के. आर्या, डॉ. शैलेन्द्र गौतम, डॉ. यशवंत राव और डॉ. अमितेश यादव ने सभी प्रतिभागी टीमों को प्रमाणपत्र प्रदान किए। विजेता एवं उपविजेता टीमों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज कानपुर के प्रधानाचार्य डॉ. संजय काला ने विजेता प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के ज्ञान को बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें नई जानकारी हासिल करने के लिए प्रेरित करती हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments