HomeBundelkhandगुरु पूर्णिमा पर अटल सेवा संस्थान ने योग गुरु राजनारायण यादव का...

गुरु पूर्णिमा पर अटल सेवा संस्थान ने योग गुरु राजनारायण यादव का किया सम्मान

योग एवं प्राणायाम के माध्यम से स्वस्थ समाज के निर्माण का लिया संकल्प

  • नरेश राठौर

झांसी। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर अटल सेवा संस्थान द्वारा श्रद्धा और सम्मान के साथ समारोह आयोजित कर योग गुरु राजनारायण यादव का फूल-माला पहनाकर एवं स्मृति-उपहार भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में संस्थान के पदाधिकारियों और सदस्यों ने गुरु-शिष्य परंपरा का महत्व बताते हुए योग के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि योग गुरु राजनारायण यादव प्रतिदिन अटल सेवा संस्थान के सदस्यों एवं स्थानीय नागरिकों को योग और प्राणायाम का नियमित प्रशिक्षण प्रदान करते हैं। वे “स्वस्थ रहो, मस्त रहो और तंदुरुस्त रहो” के संदेश के साथ लोगों को निरोग जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। साथ ही योग से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक लाभों के प्रति भी समाज को जागरूक कर रहे हैं।

संस्थान के सदस्यों ने कहा कि योग गुरु राजनारायण यादव केवल योग का प्रशिक्षण ही नहीं देते, बल्कि अनुशासित और सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा भी प्रदान करते हैं। उनके मार्गदर्शन से अनेक लोग नियमित योग अभ्यास से लाभान्वित हो रहे हैं।

समारोह के दौरान अटल सेवा संस्थान के सदस्यों ने योग गुरु का सम्मान करते हुए उन्हें अपना प्रेरणास्रोत और मार्गदर्शक बताया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं एक-दूसरे को दीं तथा योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments