डीसीपी सेंट्रल ने अधिकारियों को दिए निर्देश, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम दर्शन को सर्वोच्च प्राथमिकता
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस उपायुक्त सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव एवं अपर पुलिस उपायुक्त सेंट्रल डॉ. अर्चना सिंह ने थाना ग्वालटोली एवं कोहना क्षेत्र के अंतर्गत स्थित श्री आनन्देश्वर महादेव मंदिर, परमट तथा अटल घाट का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसर, दर्शन मार्ग तथा अटल घाट पर गंगा स्नान कर रहे श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए की गई व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने बैरिकेडिंग, यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की।
पुलिस अधिकारियों ने मंदिर के संचालकों एवं मुख्य पुजारी से भी वार्ता कर श्रद्धालुओं को सुगम एवं सुरक्षित दर्शन उपलब्ध कराने तथा संभावित भीड़ के प्रभावी प्रबंधन पर चर्चा की। साथ ही पुलिस बल को निर्देशित किया गया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए भीड़ नियंत्रण, यातायात संचालन, घाटों पर सतर्क निगरानी तथा गुरु पूर्णिमा एवं श्रावण मास के दौरान कानून-व्यवस्था पूरी तरह सुदृढ़ रखी जाए।
निरीक्षण के दौरान सहायक पुलिस आयुक्त कर्नलगंज सहित संबंधित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।


