डॉ. प्राची रावत और डॉ. विवेक कुमार साहू की टीम रही विजेता, क्लिनिकल ज्ञान और त्वरित उत्तरों की हुई परीक्षा
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। भारतीय बाल रोग अकादमी (आईएपी) के तत्वावधान में बाल रोग विभाग सभागार, हैलेट अस्पताल में आईएपी पीडियाट्रिक क्विज फॉर अंडरग्रेजुएट्स–2026 के कॉलेज राउंड का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य एमबीबीएस विद्यार्थियों के बाल रोग संबंधी ज्ञान, क्लिनिकल समझ और त्वरित निर्णय क्षमता का मूल्यांकन करना था।
प्रतियोगिता में कुल चार टीमों ने हिस्सा लिया। सात चरणों में आयोजित इस क्विज में बच्चों से संबंधित चिकित्सकीय ज्ञान, क्लिनिकल केस आधारित प्रश्न, विजुअल राउंड तथा रैपिड फायर राउंड शामिल रहे। प्रतिभागियों ने प्रत्येक चरण में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी चिकित्सकीय दक्षता का परिचय दिया।
कार्यक्रम का संचालन क्विज मास्टर के रूप में डॉ. अली शान ने प्रभावशाली एवं रोचक शैली में किया। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष एवं आईएपी सचिव डॉ. शैलेन्द्र गौतम, डॉ. आर.पी. सिंह, डॉ. ए.के. आर्या, डॉ. यशवंत राव, डॉ. अमितेश यादव तथा डॉ. राहुल सहित अनेक वरिष्ठ चिकित्सक उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में लगभग 60 एमबीबीएस छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।
प्रतियोगिता में डॉ. प्राची रावत एवं डॉ. विवेक कुमार साहू की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। समापन समारोह में सभी प्रतिभागी टीमों को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए, जबकि विजेता एवं उपविजेता टीमों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। आयोजकों ने इस प्रकार की शैक्षणिक प्रतियोगिताओं को भविष्य के चिकित्सकों के ज्ञानवर्धन और कौशल विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।


