गुवाहाटी में अमित शाह का बड़ा दावा—असम में 90+ सीटों के साथ बनेगी फिर भाजपा सरकार

रोड शो में उमड़ी भीड़, गृह मंत्री बोले—तीसरी बार भारी बहुमत से सत्ता में आएगा एनडीए
- समय टुडे डेस्क।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुवाहाटी में आयोजित रोड शो के दौरान असम विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता एक बार फिर भाजपा सरकार बनाने के लिए उत्सुक है और पार्टी 90 से अधिक सीटों के साथ प्रचंड बहुमत हासिल करेगी।
रोड शो के बाद मीडिया से बातचीत में अमित शाह ने कहा, “हम असम में तीसरी बार भारी बहुमत से सरकार बनाने जा रहे हैं। जनता भाजपा और एनडीए के साथ है और हम 90 से अधिक सीटों के साथ जीत दर्ज करेंगे।”
इससे पहले गुवाहाटी में आयोजित उनके रोड शो में भारी भीड़ देखने को मिली। समर्थक सड़कों के किनारे खड़े होकर उनका स्वागत करते नजर आए। शाह ने भीड़ पर फूल बरसाकर आभार जताया और पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया। चुनावी माहौल के बीच इस शक्ति प्रदर्शन को अहम माना जा रहा है।
असम में सभी 126 विधानसभा सीटों के लिए मतदान 9 अप्रैल को एक ही चरण में होगा, जबकि मतगणना 4 मई को होगी। राज्य में मुख्य मुकाबला भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए और कांग्रेस के बीच माना जा रहा है।
वर्तमान में हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में भाजपा सरकार सत्ता में है, जो लगातार तीसरी बार जीत हासिल करने की कोशिश कर रही है। वहीं कांग्रेस भी सत्ता में वापसी के लिए पूरा जोर लगा रही है। मुख्यमंत्री सरमा इस बार भी अपने पारंपरिक जलुकबारी सीट से चुनाव मैदान में हैं।



