‘एक दिया आशीर्वाद का’ अभियान के लिए विधायक सुरेंद्र मैथानी ने मंडल अध्यक्षों को बांटी तेल और बातियां
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को लेकर गोविंद नगर विधानसभा क्षेत्र स्थित सेवा कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। विधायक सुरेंद्र मैथानी की अध्यक्षता में हुई बैठक में 17 सितंबर को होने वाले ‘एक दिया आशीर्वाद का’ अभियान की तैयारियों पर चर्चा की गई।
बैठक के दौरान विधायक सुरेंद्र मैथानी ने अभियान की तैयारियों को लेकर विभिन्न मंडलों के पदाधिकारियों को तेल और बातियां वितरित कीं। प्रत्येक मंडल को चार तेल के कनस्तर और करीब 3500 रुई की बातियां उपलब्ध कराई गईं।
विधायक सुरेंद्र मैथानी ने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह का सेवा पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा। इसके तहत अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गुजैनी में रक्तदान शिविर भी लगाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ‘एक दिया आशीर्वाद का’ अभियान के तहत 17 सितंबर की शाम 6 से 7 बजे के बीच क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। अभियान के तहत बूथों और घरों के अलावा मंदिरों, विद्यालयों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा सामाजिक एवं धार्मिक आयोजन स्थलों पर भी दीप जलाने की योजना है।
विधायक ने कहा कि अभियान को लेकर पार्टी की ओर से दीया, तेल और बातियों की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि यदि किसी स्थान पर अतिरिक्त सामग्री या किसी अन्य व्यवस्था की आवश्यकता होती है तो गोविंद नगर विधानसभा कार्यालय की ओर से उसे उपलब्ध कराया जाएगा।
विधायक सुरेंद्र मैथानी ने कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय लोगों से 17 सितंबर को अपने-अपने क्षेत्रों में दीप जलाने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर शुभकामनाएं देने की अपील की।
कार्यक्रम में विधानसभा प्रभारी एवं जिला महामंत्री प्रमोद विश्वकर्मा, दीपक सिंह, मंडल अध्यक्ष अजय राय, दीपक शुक्ला, डॉ. विजय पटेल, वेद मिश्रा, राजा पंडित, अनिरुद्ध सेंगर, सोनू राठौर, मनोज कटियार, अभिषेक सेंगर, राघवेंद्र दुबे, अरुण दुबे, दीपक राजपूत सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।


