
कानपुर बार एसोसिएशन हाल में आयोजित हुई श्रद्धांजलि सभा, अधिवक्ताओं ने अर्पित किए श्रद्धासुमन
- अंकित बाजपेई
कानपुर नगर। कानपुर बार एसोसिएशन हाल में स्मृतिशेष पं. राम कृष्ण शर्मा एडवोकेट की श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान अधिवक्ताओं ने उनके चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया और अधिवक्ता कल्याण के क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष योगेन्द्र अवस्थी ने कहा कि पं. राम कृष्ण शर्मा ने वर्ष 1974 में उत्तर प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा से मुलाकात कर प्रदेश की पहली अधिवक्ता कल्याणकारी योजना के रूप में अधिवक्ता सामूहिक बीमा योजना शुरू कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने बताया कि समय के साथ इस योजना की राशि में बढ़ोतरी हुई और इसका लाभ दिवंगत अधिवक्ताओं के परिजनों को भी मिल रहा है।
लॉयर्स एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष अविनाश बाजपेई ने कहा कि पं. राम कृष्ण शर्मा के अधिवक्ता कल्याण से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए उनके पुत्र और लॉयर्स एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष पं. रवीन्द्र शर्मा लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में मुख्यमंत्री द्वारा अधिवक्ताओं को प्रति वर्ष पांच लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा दिए जाने की घोषणा भी लंबे समय से किए जा रहे प्रयासों का परिणाम है।
पं. रवीन्द्र शर्मा ने कहा कि वह अपने पिता द्वारा दिखाए गए रास्ते पर चलते हुए अधिवक्ताओं और उनके परिवारों के हित में अधिक से अधिक कल्याणकारी योजनाएं लागू कराने के लिए प्रयास करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता समाज के हित में काम करना ही उनके पिता को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
श्रद्धांजलि सभा में नरेश त्रिपाठी, भानु द्विवेदी, राम आश्रय त्रिपाठी, भगवत दास, आनंद गौतम, कपिल दीप सचान, अश्वनी आनंद, रमा कांत, योगेश कुमार, गौरी शंकर, मुमताज, मधु यादव, राजेश त्रिपाठी, राजेश शुक्ला, विजय कुमार, फारुख अहमद सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।


