HomeNEWSग्रीन पार्क गौरव कप में कानपुर-XI का जलवा, सांसद-XI को हराकर जीता...

ग्रीन पार्क गौरव कप में कानपुर-XI का जलवा, सांसद-XI को हराकर जीता खिताब

यूसुफ पठान और अंकित राजपूत की टीमों के बीच हुआ रोमांचक मुकाबला, एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने विजेता टीम को सौंपी ट्रॉफी

  • अंकित बाजपेई

कानपुर। ऐतिहासिक ग्रीन पार्क स्टेडियम में आयोजित ग्रीन पार्क गौरव कप के तहत सांसद-XI और कानपुर-XI के बीच सद्भावना क्रिकेट मैच खेला गया। मुकाबले में कानपुर-XI ने सांसद-XI को हराकर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। मैच के जरिए खेल भावना, आपसी सहयोग, सद्भाव और सामाजिक एकता का संदेश दिया गया। उत्तर प्रदेश पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति में भी मैच के समापन पर एडीजी कानपुर जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ द्वारा विजेता टीम को ट्रॉफी एवं पुरस्कार दिए जाने की पुष्टि की गई है।

मुकाबले में सांसद-XI की कमान पूर्व भारतीय क्रिकेटर एवं सांसद यूसुफ पठान ने संभाली, जबकि कानपुर-XI की कप्तानी पूर्व आईपीएल एवं रणजी खिलाड़ी अंकित राजपूत ने की। सांसद-XI में रमेश अवस्थी, आनंद भदौरिया, दानिश अली, अभिजीत सिंह सांगा, प्रवीण खंडेलवाल, निशिकांत दुबे, सुरेंद्र मैथानी, विजय दुबे और सोमेंद्र तोमर समेत कई सांसद शामिल रहे।

कानपुर-XI में अधिकारी और पूर्व खिलाड़ी भी मैदान पर उतरे

कानपुर-XI की टीम में अनुभव सिंह, अकांशु गोविल, बालकार सिंह, अंकुर कौशिक, अभिनव जैन, कर्मवीर सिंह, संदीप कुमार, शुभम पटेल, दीपांकर मालवीय, सतीश जायसवाल, सुनील त्रिपाठी, हरजीत सिंह, गोपाल और अमित पाल जैसे खिलाड़ी एवं अधिकारी शामिल रहे।

मुकाबले में कानपुर-XI ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। रिपोर्ट के अनुसार कानपुर-XI ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 15 ओवर में 173 रन बनाए, जबकि जवाब में सांसद-XI की टीम 160 रन तक ही पहुंच सकी। कानपुर-XI के गोपाल सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया। वहीं यूसुफ पठान को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, शशांक अवस्थी को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज और पंकज गुप्ता को सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक का पुरस्कार मिला।

अनुपम कुलश्रेष्ठ ने किया विजेताओं का सम्मान

मैच के समापन अवसर पर अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना और सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देने वाले आयोजन की सराहना की।

ग्रीन पार्क गौरव कप का आयोजन ऐतिहासिक ग्रीन पार्क स्टेडियम की गौरवशाली क्रिकेट विरासत को याद करने और खेल के माध्यम से सामाजिक एकता का संदेश देने के उद्देश्य से किया गया। आयोजन में खिलाड़ियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments