HomeLife Styleघंटा-घड़ियाल बजाकर व्यापारियों ने किया प्रदर्शन, दीपावली से पहले सीएम ग्रिड सड़कें...

घंटा-घड़ियाल बजाकर व्यापारियों ने किया प्रदर्शन, दीपावली से पहले सीएम ग्रिड सड़कें दुरुस्त करने की मांग

गड्ढे में गिरकर ट्रांसपोर्ट नगर कर्मचारी के घायल होने पर व्यापारियों में नाराजगी, बोले- सड़कें समय से पूरी नहीं हुईं तो प्रभावित होगा 200 करोड़ से अधिक का कारोबार

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। सीएम ग्रिड सड़क निर्माण में कथित लापरवाही और जगह-जगह बने गड्ढों के विरोध में भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल एवं किदवई नगर उद्योग व्यापार मंडल से जुड़े व्यापारियों ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने मार्बल मार्केट, किदवई नगर में किडजी स्कूल के सामने सड़क पर गड्ढे के पास बैठकर घंटा-घड़ियाल बजाए और दीपावली से पहले सीएम ग्रिड की सड़कों का निर्माण पूरा कराने तथा गड्ढों को तत्काल भरने की मांग उठाई।

प्रदर्शन का नेतृत्व भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानेश मिश्र और किदवई नगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष अशोक शुक्ला ने किया। प्रदर्शन में ट्रांसपोर्ट नगर के एक कर्मचारी समेत अन्य लोग भी शामिल हुए। व्यापारियों ने सड़क की खराब स्थिति को लेकर नारेबाजी करते हुए “सीएम ग्रिड की सड़कें ठीक करो” और “कानपुर महानगर की सड़कें ठीक करो” के नारे लगाए।

व्यापारियों का कहना था कि सीएम ग्रिड के तहत चल रहे सड़क निर्माण कार्य के कारण कई स्थानों पर आवागमन प्रभावित है। वहीं, सड़क पर बने गड्ढों से दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। व्यापारियों के अनुसार गड्ढे में गिरने से ट्रांसपोर्ट नगर का एक कर्मचारी घायल भी हो चुका है।

दीपावली से पहले निर्माण पूरा कराने की मांग

भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानेश मिश्र ने कहा कि दीपावली व्यापार का महत्वपूर्ण समय है। यदि दीपावली तक सीएम ग्रिड के अंतर्गत आने वाली प्रमुख सड़कों का निर्माण पूरा नहीं हुआ तो कानपुर में 200 करोड़ रुपये से अधिक का व्यापार प्रभावित होने की आशंका है।

उन्होंने कहा कि मार्बल मार्केट किदवई नगर, यशोदा नगर से हमीरपुर रोड, ग्रीन पार्क से घंटाघर, साकेत नगर और करही क्षेत्र की सड़कों का निर्माण दीपावली से पहले पूरा कराया जाना जरूरी है, ताकि व्यापारियों और आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।

सड़क के गड्ढे तत्काल भरने की मांग

व्यापारियों ने कहा कि जब तक निर्माण कार्य पूरा नहीं होता, तब तक सड़कों पर बने गड्ढों को तत्काल भराया जाए और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था की जाए। प्रदर्शनकारियों ने संबंधित विभाग से निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिला युवा महामंत्री मनोज विश्वकर्मा, युवा प्रदेश उपाध्यक्ष सौरभ पांडेय, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष अब्दुल वहीद, किदवई नगर उद्योग व्यापार मंडल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष जय कुमार शर्मा टीटू, शरद मिश्रा, संजय गुप्ता, राकेश गुप्ता, मो. ताहिर, अनुराग गुप्ता, शरद गुप्ता, विवेक गुप्ता, अनिल अवस्थी और प्रकाश गुप्ता सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments