17×17 फीट की रंगोली में छात्राओं ने उकेरे राष्ट्रीय गौरव के प्रतीक, कला और राष्ट्रभक्ति का दिखा सुंदर संगम
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। सेवा संकल्प अभियान के तत्वावधान में दयानंद गर्ल्स पीजी कॉलेज, कानपुर में छात्राओं द्वारा आकर्षक रंगोली का निर्माण किया गया। रंगोली की थीम “राष्ट्रीय प्रतीक एवं विकसित भारत 2047” रखी गई। 17×17 फीट आकार में तैयार की गई इस रंगोली में छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता और कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
छात्राओं आफिया निशा, सायना अंसारी, तस्मिया नूर, आंचल वर्मा और अनुपमा ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए रंगोली को आकर्षक रूप दिया। छात्राओं ने रंगों के माध्यम से राष्ट्रीय प्रतीकों एवं गौरव चिह्नों के साथ झंडा, कबूतर, फूल, एआई और विकसित भारत की संकल्पना को कलात्मक ढंग से उकेरा।
रंगोली तैयार कराने में चित्रकला विभाग की डॉ. पूजा श्रीवास्तव, बी.एड. विभाग की डॉ. पिंकी द्विवेदी एवं गृह विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. विनीता श्रीवास्तव ने छात्राओं के साथ पूरी लगन और परिश्रम से सहभागिता की।
रंगोली में रंग संयोजन, अनुपातिकता, विषय-वस्तु की स्पष्टता और स्वच्छता विशेष रूप से आकर्षण का केंद्र रही। रंगों के सुंदर संयोजन के साथ राष्ट्रीय भावना और विकसित भारत की परिकल्पना को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर वंदना निगम, डायरेक्टर प्रोफेसर अर्चना वर्मा, सेवा संकल्प अभियान की संयोजिका प्रोफेसर पप्पी मिश्रा, सह-संयोजिका प्रोफेसर अभिलाषा गौर तथा डॉ. संगीता सिरोही उपस्थित रहीं।
राष्ट्रभक्ति और रचनात्मकता से ओत-प्रोत यह आयोजन छात्राओं के उत्साह और कलात्मक प्रतिभा के प्रदर्शन के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।


