NEWS

छात्राओं के यौन शोषण का आरोपी स्वयंभू धर्मगुरु चैतन्यानंद सरस्वती आगरा से गिरफ्तार

  • ऋषभ कुमार

नई दिल्ली/आगरा। राजधानी दिल्ली के एक निजी संस्थान में 17 छात्राओं के यौन शोषण के मामले में फरार चल रहा स्वयंभू धर्मगुरु चैतन्यानंद सरस्वती आखिरकार पुलिस की गिरफ्त में आ गया। रविवार तड़के दिल्ली पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर उसे उत्तर प्रदेश के आगरा के ताजगंज इलाके के एक होटल से दबोच लिया।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी (62) को पकड़ने के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया था। तड़के लगभग 3:30 बजे की गई इस कार्रवाई में सरस्वती को होटल से बिना किसी विरोध के हिरासत में ले लिया गया। बताया जा रहा है कि 4 अगस्त को प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से ही वह दिल्ली से फरार हो गया था।

बैंक खातों में करोड़ों का लेन-देन
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी ने अलग-अलग नामों और पहचान से बैंक खातों का इस्तेमाल किया। पुलिस ने उसके खातों में जमा 8 करोड़ रुपये के लेन-देन पर रोक लगाई है। इतना ही नहीं, प्राथमिकी दर्ज होने के बाद उसने इन खातों से 50 लाख रुपये से अधिक की राशि भी निकाली थी।

गंभीर आरोप
एफआईआर के अनुसार, सरस्वती छात्राओं को देर रात उसके कमरे में बुलाने के लिए मजबूर करता था और उन्हें आपत्तिजनक संदेश भेजता था। साथ ही वह अपने मोबाइल फोन से छात्राओं की गतिविधियों पर नजर रखता था।

फर्जी पहचान और कार्ड बरामद
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस को आरोपी के पास से कई फर्जी विजिटिंग कार्ड भी मिले हैं, जिन पर उसे संयुक्त राष्ट्र और ब्रिक्स संगठन से जुड़ा बताया गया है। बता दें कि ब्रिक्स में ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका शामिल हैं।

फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि उसकी आपराधिक गतिविधियों में और कौन-कौन शामिल था।

(पीटीआई इनपुट के साथ)

Related Articles

Back to top button