HomeNEWSछात्र आंदोलन पर CJP संस्थापक अभिजीत दीपके का PM मोदी पर हमला,...

छात्र आंदोलन पर CJP संस्थापक अभिजीत दीपके का PM मोदी पर हमला, पुलिस कार्रवाई पर मांगी माफी

‘पहले छात्रों से माफी मांगें, फिर माफी देने की बात करें’, दर्ज मुकदमे वापस लेने की भी उठाई मांग

  • नेहा पाठक

नई दिल्ली। छात्र आंदोलन को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले छात्रों को माफ करने की अपील के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाएं तेज हो गई हैं। सीजेपी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने प्रधानमंत्री से छात्र प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लेने और 20 जुलाई की पुलिस कार्रवाई के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।

एएनआई से बातचीत में अभिजीत दीपके ने कहा कि केवल सोशल मीडिया पर माफी की अपील करना पर्याप्त नहीं है। उन्होंने मांग की कि सरकार पुलिस को निर्देश देकर छात्र प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस ले।

दीपके ने कहा कि 20 जुलाई को प्रदर्शन के दौरान जिन छात्रों पर लाठीचार्ज हुआ, जिन्हें चोटें आईं और पेलेट गन के छर्रे लगे, उनसे प्रधानमंत्री को पहले माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा, “माफी देने से पहले आपको माफी मांगनी चाहिए।”

उन्होंने आरोप लगाया कि छात्र आंदोलन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई अभूतपूर्व थी और इसकी जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए। उनके अनुसार, यदि प्रधानमंत्री पहले इस घटना पर खेद व्यक्त करते हैं, तभी उनकी माफी की अपील प्रभावी मानी जाएगी।

भाजपा आईटी सेल पर लगाए आरोप

अभिजीत दीपके ने भाजपा की आईटी सेल पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि सोशल मीडिया पर विशेष रूप से महिलाओं को अपशब्द कहने, डराने और धमकाने का माहौल बनाया जाता है। उन्होंने कहा कि कुछ सोशल मीडिया प्रोफाइल पर “Followed by PM Modi” लिखा होने से ऐसे लोगों को शीर्ष स्तर का समर्थन मिलने का एहसास होता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं के प्रति अपमानजनक भाषा और ऑनलाइन उत्पीड़न लोकतांत्रिक संवाद के लिए उचित नहीं है तथा इस तरह की प्रवृत्तियों पर रोक लगनी चाहिए।

हालांकि, भाजपा या प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से इन आरोपों पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments