HomeBundelkhandझांसी: 25 हजार के इनामी हत्यारोपी से पुलिस की मुठभेड़, गोली लगने...

झांसी: 25 हजार के इनामी हत्यारोपी से पुलिस की मुठभेड़, गोली लगने के बाद गिरफ्तार

रेस्टोरेंट हत्याकांड का चौथा आरोपी दबोचा, थार गाड़ी, अवैध तमंचा और कारतूस बरामद

  • नरेश राठौर

झांसी। नवाबाद थाना क्षेत्र में हुए चर्चित रेस्टोरेंट हत्याकांड के चौथे वांछित आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी जितेंद्र उर्फ जीतू पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। मुठभेड़ के दौरान उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई को नवाबाद क्षेत्र स्थित एक रेस्टोरेंट में संजय सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। गंभीर रूप से घायल संजय सिंह को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बी.बी.जी.टी.एस. मूर्ति ने मामले के शीघ्र खुलासे के लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया था।

जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पहले ही तीन आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया था। चौथा आरोपी जितेंद्र उर्फ जीतू लगातार फरार चल रहा था, जिस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

क्षेत्राधिकारी रामवीर सिंह ने बताया कि नवाबाद थाना पुलिस और एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई के दौरान आरोपी की घेराबंदी की गई। खुद को घिरा देख उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक थार गाड़ी, एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस गिरफ्तारी के साथ रेस्टोरेंट हत्याकांड में शामिल सभी मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments