
07 मई से 21 मई तक ऑनलाइन “स्वः गणना” की सुविधा, नागरिक se.census.gov.in पोर्टल पर कर सकेंगे स्वयं का पंजीकरण; डीजीपी आलोक सिंह ने परिवार सहित किया Self Enumeration
- प्रियंका द्विवेदी
लखनऊ/कानपुर। भारत की जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत उत्तर प्रदेश में जनगणना कार्य 22 मई, 2026 से 20 जून, 2026 तक संपन्न किया जाएगा। इस राष्ट्रीय महत्व के अभियान को अधिक सुगम, पारदर्शी और तकनीकी रूप से सशक्त बनाने के लिए भारत सरकार द्वारा नागरिकों को 07 मई से 21 मई, 2026 तक ऑनलाइन “स्वः गणना (Self Enumeration)” की सुविधा प्रदान की गई है।
इस अवधि में नागरिक अपने मोबाइल फोन, कंप्यूटर या लैपटॉप के माध्यम से आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर स्वयं एवं अपने परिवार से संबंधित जनगणना विवरण आसानी से और सुरक्षित रूप से भर सकते हैं। यह डिजिटल व्यवस्था जनगणना प्रक्रिया को तेज, सटीक और पारदर्शी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
इसी क्रम में पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन आलोक सिंह ने अपने परिवारजनों के साथ ऑनलाइन स्वः गणना प्रक्रिया पूर्ण कर आमजन के लिए प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे भी इस डिजिटल पहल में सक्रिय भागीदारी करें और राष्ट्रहित के इस महत्वपूर्ण सांख्यिकीय अभियान को सफल बनाएं।
डीजीपी आलोक सिंह ने कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या का आंकलन मात्र नहीं है, बल्कि यह देश की विकास योजनाओं, संसाधनों के समुचित वितरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार एवं आधारभूत संरचना से जुड़ी नीतियों के निर्माण का आधार है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह समय पर सही और तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध कराए।
उन्होंने यह भी कहा कि डिजिटल भारत की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है, जो जनगणना कार्य को सरल, पारदर्शी और अधिक प्रभावी बनाएगी। साथ ही आमजन से अपील की गई कि वे स्वयं भी ऑनलाइन स्वः गणना का लाभ उठाएं और अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें, ताकि यह राष्ट्रीय अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।


