लखनऊ स्थित सरकारी आवास पर विभिन्न जनपदों से पहुंचे नागरिकों से मिले मुख्यमंत्री, अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित समाधान के दिए निर्देश
- अनुराधा सिंह
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने एक-एक कर फरियादियों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।
जनता दर्शन के दौरान लोगों ने भूमि, पुलिस, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभागों से संबंधित अपनी समस्याएं मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के प्रभावी एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों से कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने और जरूरतमंद लोगों को समय पर राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता की समस्याओं के समाधान और जनविश्वास को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। शासन की प्राथमिकता है कि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
‘जनता दर्शन’ के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से प्राप्त शिकायतों पर हुई कार्रवाई की जानकारी लेने और समस्याओं के समाधान की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।


