इस्कॉन, जे.के. और सनातन धर्म मंदिर के आसपास भीड़ नियंत्रण और पार्किंग व्यवस्था पर जोर, जरूरत के अनुसार डायवर्जन व वैकल्पिक मार्ग तैयार करने के निर्देश
- हरिओम गुप्ता
कानपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व के मद्देनजर यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस उपायुक्त यातायात रवीन्द्र कुमार ने शहर के प्रमुख मंदिरों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने इस्कॉन मंदिर, जे.के. मंदिर एवं सनातन धर्म मंदिर पहुंचकर पर्व के दौरान संभावित श्रद्धालुओं की भीड़ और यातायात दबाव को लेकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीसीपी यातायात ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए प्रभावी यातायात प्रबंधन कार्ययोजना तैयार की जाए। आवश्यकता के अनुसार यातायात डायवर्जन और वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने मंदिरों के आसपास अनधिकृत पार्किंग पर प्रभावी नियंत्रण रखने तथा यातायात अवरोध उत्पन्न करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही निर्धारित पार्किंग स्थलों का समुचित उपयोग सुनिश्चित कराने को कहा, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।
डीसीपी ने जन्माष्टमी पर्व के दौरान पर्याप्त संख्या में यातायात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाने पर भी जोर दिया। विशेष रूप से मंदिरों के प्रवेश एवं निकास मार्गों, प्रमुख चौराहों, पार्किंग स्थलों और संभावित भीड़ वाले स्थानों पर यातायात पुलिस की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
यातायात पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यातायात व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि जन्माष्टमी पर्व शांतिपूर्ण और सुगम यातायात व्यवस्था के साथ संपन्न कराया जा सके।


