HomeNEWSबाढ़ से जलमग्न मायापुरम बस्ती पहुंचे विधायक सुरेंद्र मैथानी

बाढ़ से जलमग्न मायापुरम बस्ती पहुंचे विधायक सुरेंद्र मैथानी

150 से अधिक परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर कराया शिफ्ट, मौके से ही राशन और पेयजल व्यवस्था के दिए निर्देश

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। गोविंद नगर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड-09 रविदास पुरम की मायापुरम बस्ती में पांडु नदी के उफान के कारण आई भीषण बाढ़ से स्थिति गंभीर हो गई। पूरी बस्ती जलमग्न होने की सूचना पर स्थानीय विधायक सुरेंद्र मैथानी तत्काल मौके पर पहुंचे और बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया।

बस्ती के कई घरों में करीब 10 फीट तक पानी भर जाने के कारण लोगों के सामने गंभीर संकट पैदा हो गया था। विधायक ने स्थानीय लोगों के सहयोग से प्रभावित परिवारों को सुरक्षित बाहर निकलवाया और उनके आवश्यक सामान सहित सड़क किनारे तथा ऊंचे स्थानों पर बनाए गए सुरक्षित स्थलों, मचान एवं झोपड़ियों में शिफ्ट कराया।

कमर से ऊपर तक पानी में पहुंचे विधायक

विधायक सुरेंद्र मैथानी ने बस्ती के अंदर कमर से ऊपर तक भरे पानी में स्वयं जाकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने यह भी सुनिश्चित किया कि कहीं कोई परिवार या बच्चा पानी में फंसा न रह गया हो।

विधायक ने कहा कि ईश्वर की कृपा से समय रहते राहत एवं बचाव की कार्रवाई शुरू होने के कारण किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। उन्होंने प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

मौके से ही पेयजल और राशन की व्यवस्था के निर्देश

विधायक ने घटनास्थल से ही जल संस्थान के महाप्रबंधक (जीएम) से फोन पर वार्ता की और निर्देश दिए कि विधायक निधि से उपलब्ध कराए गए स्टील के पानी के टैंकरों को तत्काल बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में खड़ा कराया जाए, ताकि लोगों को शुद्ध पेयजल की व्यवस्था उपलब्ध हो सके।

राशन एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं की व्यवस्था को लेकर विधायक ने मौके से ही एडीएम सदर से दूरभाष पर वार्ता की। उन्होंने बताया कि बाढ़ प्रभावित 150 से अधिक परिवारों की सूची तैयार कर ली गई है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल राशन किट और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा।

प्रभावित परिवारों से मिले विधायक

विधायक सुरेंद्र मैथानी ने बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचकर एक-एक सदस्य का हालचाल जाना और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने लोगों को अपना व्यक्तिगत मोबाइल नंबर देते हुए कहा कि रात में भी किसी प्रकार की समस्या या आपात स्थिति होने पर वे सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं।

उन्होंने कहा, “यदि रात में भी किसी प्रकार की समस्या या आपात स्थिति आए, तो बेझिझक सीधे मुझे फोन करें, मैं तुरंत हाजिर रहूंगा।”

विधायक ने क्षेत्र के सक्षम नागरिकों से भी बाढ़ प्रभावित परिवारों की मदद के लिए आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के 100 प्रतिशत बाढ़ पीड़ितों तक हर संभव राहत पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा और किसी भी प्रभावित परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments