‘विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश’ विषय पर वाद-विवाद, भाषण और चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। कल्याणपुर स्थित जवाहर लाल नेहरू इंटर कॉलेज में सेवा पखवाड़ा अभियान के अंतर्गत ‘विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश’ विषय पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान वाद-विवाद, भाषण और चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं, जिनमें विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्य रश्मि, निधि त्रिपाठी, किरन दयाल सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे। प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
वाद-विवाद प्रतियोगिता में सेठ मोतीलाल खेड़िया इंटर कॉलेज की हरमायनी कन्नौजिया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। उषा बालिका इंटर कॉलेज की नीलांजना त्रिपाठी द्वितीय और रायदेवी रामदयाल इंटर सेकेंडरी स्कूल की कशिश साहू तृतीय स्थान पर रहीं।

भाषण प्रतियोगिता में जवाहर लाल नेहरू इंटर कॉलेज की मनु कुमारी ने प्रथम स्थान हासिल किया। अद्रय ने द्वितीय तथा शत्रुंजय सिंह इंटर कॉलेज की समृद्धि पेरवाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
चित्रकला प्रतियोगिता में ब्राइट एंजल इंटर कॉलेज के आकांक्षित ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। जवाहर लाल नेहरू इंटर कॉलेज की आस्था द्वितीय और श्री पालना इंटर कॉलेज की संजीवनी तृतीय स्थान पर रहीं। इसके अलावा जवाहर लाल नेहरू इंटर कॉलेज की प्रतिज्ञा और सरस्वती बालिका विद्यालय की रचना शर्मा को भी तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम के अंत में विजेता छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया गया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को भविष्य में भी इस तरह की प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया।


