HomeNEWSबार एसोसिएशन एल्डर कमेटी के को-चेयरमैन को अधिवक्ताओं ने दी श्रद्धांजलि

बार एसोसिएशन एल्डर कमेटी के को-चेयरमैन को अधिवक्ताओं ने दी श्रद्धांजलि

कानपुर कचहरी परिसर में आयोजित हुई श्रद्धांजलि सभा, अधिवक्ताओं ने चित्र पर माल्यार्पण कर किया नमन

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। कानपुर कचहरी परिसर में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में अधिवक्ताओं ने स्वर्गीय हरिश्चन्द्र श्रीवास्तव को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान अधिवक्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।

सभा को संबोधित करते हुए कानपुर बार एसोसिएशन के पूर्व महामंत्री अनुराग श्रीवास्तव ने कहा कि बाबू हरिश्चन्द्र श्रीवास्तव दीवानी के प्रख्यात अधिवक्ता होने के साथ-साथ अधिवक्ता गौरव और कल्याणकारी कार्यों के लिए निरंतर सक्रिय रहते थे। उन्होंने बताया कि वर्ष 1986 में हरिश्चन्द्र श्रीवास्तव कानपुर बार एसोसिएशन के महामंत्री बने थे और वर्तमान में बार एसोसिएशन की एल्डर कमेटी के को-चेयरमैन के पद पर कार्यरत थे।

अनुराग श्रीवास्तव ने कहा कि हरिश्चन्द्र श्रीवास्तव के निधन से अधिवक्ता समाज में जो रिक्त स्थान उत्पन्न हुआ है, उसकी भरपाई संभव नहीं है। उन्होंने दिवंगत अधिवक्ता को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके योगदान को याद किया।

वरिष्ठ अधिवक्ता प्रवीण फाइटर ने कहा कि बाबू जी के आदर्शों और सिद्धांतों पर चलकर अधिवक्ता वृत्ति में उन्नति प्राप्त करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि उनके व्यक्तित्व और कार्यों से अधिवक्ता समाज को लंबे समय तक प्रेरणा मिलती रहेगी।

श्रद्धांजलि सभा के अंत में उपस्थित सभी अधिवक्ताओं ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से पं. रवीन्द्र शर्मा, पूर्व अध्यक्ष लॉयर्स एसोसिएशन, उमेश शुक्ल, संजीव कपूर, राकेश सिद्धार्थ, शिवम गंगवार, वीर जोशी, साजिद खान, इंद्रेश मिश्रा, प्रियम जोशी सहित अन्य अधिवक्ता उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments