
रक्षाबंधन पर दिया प्रेम, भाईचारे और सकारात्मक जीवन का संदेश
- अमित कुमार
सिद्धार्थनगर। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी बहनों द्वारा जिला कारागार सिद्धार्थनगर में राखी बांधने का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान बहनों ने कारागार के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ बंदी भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान ब्रह्माकुमारी बहनों ने भाई-बहन के पवित्र स्नेह, आपसी सद्भाव, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया। उन्होंने बंदी भाइयों को सकारात्मक सोच अपनाने, बुराइयों का त्याग करने तथा अच्छे संस्कारों को अपने जीवन में आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया।
जिला कारागार के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ब्रह्माकुमारी बहनों के इस आत्मीय एवं सामाजिक सरोकार से जुड़े प्रयास की सराहना की। वहीं, बंदी भाइयों ने राखी बंधवाकर भावुकता के साथ बहनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
जेल परिसर में गूंजा भाईचारे और सौहार्द का संदेश
कार्यक्रम का उद्देश्य कारागार में सकारात्मक वातावरण का निर्माण करने तथा बंदियों में सामाजिक एवं मानवीय मूल्यों को मजबूत करना रहा। रक्षाबंधन के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम ने जेल परिसर में प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया।


