सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल भी पहुंचे शिक्षा निदेशालय, बोले- बेरोजगारों और नौजवानों से वादाखिलाफी कर रही सरकार; छात्रों के संघर्ष में साथ खड़े रहने का दिया भरोसा
- अखिलेश कुमार अग्रहरि
लखनऊ। इलाहाबाद-झांसी क्षेत्र से नवनिर्वाचित विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) डॉ. मानसिंह यादव और समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने शिक्षा निदेशालय, उत्तर प्रदेश के गेट पर कई दिनों से धरना दे रहे प्रतियोगी छात्रों से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने धरनास्थल पर छात्रों के बीच बैठकर उनकी मांगों को सुना और उनके आंदोलन का समर्थन किया।
इस दौरान सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह सरकार धोखेबाज है और वादाखिलाफी करना इसकी कार्यशैली बन गई है। उन्होंने कहा कि बेरोजगार, किसान, नौजवान सहित समाज का हर वर्ग मौजूदा सरकार में परेशान है। युवाओं को रोजगार और न्याय के लिए लगातार संघर्ष करना पड़ रहा है।
वहीं, नवनिर्वाचित स्नातक एमएलसी डॉ. मानसिंह यादव ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि वह अपनी जीत का प्रमाण पत्र प्राप्त करने के बाद सीधे उनके बीच पहुंचे हैं। उन्होंने कहा, “मैंने जीत का माला पहनना मुनासिब नहीं समझा, बल्कि आपके संघर्ष में पसीना बहाना ज्यादा उचित समझा।”
डॉ. मानसिंह यादव ने भाजपा की डबल इंजन सरकार पर शिक्षा, शिक्षक, छात्र, नौजवान, बेरोजगार और किसान विरोधी होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों से आम आदमी की परेशानियां बढ़ रही हैं। उन्होंने प्रतियोगी छात्रों को भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों को लेकर हर संभव संघर्ष करेंगे और उन्हें न्याय दिलाने के लिए उनके साथ खड़े रहेंगे।
इस दौरान उन्होंने अपनी जीत में छात्रों और नौजवानों के योगदान के लिए आभार भी व्यक्त किया।
छात्रों के बीच गुटबाजी पर सपा नेताओं ने जताई चिंता
धरने पर बैठे प्रतियोगी छात्रों के दो गुटों में बंटने के सवाल पर सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा पर फूट डालो और राज करो की नीति अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आपसी विभाजन से समस्याओं का समाधान नहीं होगा। उनके अनुसार, भाजपा खुद देश के लिए समस्या बन चुकी है।
कार्यक्रम के दौरान सपा जिलाध्यक्ष अनिल यादव, महानगर अध्यक्ष सैयद इफ्तेखार हुसैन, प्रवक्ता दान बहादुर मधुर, रविंद्र यादव एडवोकेट, तारिक सईद अज्जू, जगदीश यादव, सचिन श्रीवास्तव, जीत राज हेला, दिलीप सोनी सहित समाजवादी पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


