HomeNEWSझांसी में भव्य पासिंग आउट परेड, एडीजी आलोक सिंह ने ली सलामी

झांसी में भव्य पासिंग आउट परेड, एडीजी आलोक सिंह ने ली सलामी

उत्कृष्ट प्रशिक्षुओं को किया सम्मानित, जनप्रतिनिधियों व गणमान्य लोगों की रही मौजूदगी

नौ माह के कठिन प्रशिक्षण के बाद 790 जवान तैयार, महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को मिलेगी नई मजबूती

  • नरेश राठौर / पूजा परिहार

झांसी। कड़ी मेहनत, अनुशासन और महीनों के कठिन प्रशिक्षण के बाद आखिरकार वह क्षण आ गया, जिसका इंतजार सैकड़ों युवाओं ने लंबे समय से किया था। रविवार को झांसी पुलिस लाइन और पीएसी मैदान में आयोजित भव्य पासिंग आउट परेड के साथ बड़ी संख्या में नवआरक्षी पुलिस बल का हिस्सा बन गए।

समारोह में 618 पुरुष और 172 महिला सिपाहियों ने परेड में हिस्सा लिया, जबकि कुल 790 प्रशिक्षित जवान अब पुलिस सेवा में अपनी जिम्मेदारी संभालने के लिए तैयार हैं। परेड के दौरान नवआरक्षियों ने शानदार मार्च पास्ट और अनुशासन का प्रदर्शन किया, जिसकी उपस्थित अधिकारियों और अतिथियों ने सराहना की।

इस अवसर पर अपर पुलिस महानिदेशक (कानपुर जोन) आलोक सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने परेड का निरीक्षण कर सलामी ली और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को पुरस्कृत किया। साथ ही सभी नवआरक्षियों को राष्ट्र सेवा, कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी की शपथ दिलाई।

अपने संबोधन में एडीजी आलोक सिंह ने कहा कि नवआरक्षी अनुशासन, सत्यनिष्ठा और संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए पुलिस विभाग की गरिमा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएं।

परिजनों की मौजूदगी से खास बना समारोह

इस मौके पर अपने बेटे-बेटियों को वर्दी में देखने के लिए बड़ी संख्या में अभिभावक और परिजन भी पहुंचे, जिससे माहौल भावुक और गौरवपूर्ण हो गया।

महिला सिपाहियों से बढ़ेगी सुरक्षा

नौ माह के प्रशिक्षण के बाद तैयार हुई महिला सिपाहियां अब फील्ड में उतरने के लिए तैयार हैं। इनमें से 172 महिला सिपाहियों को झांसी में तैनात किया जाएगा, जबकि अन्य को कन्नौज, कानपुर देहात, औरैया, ललितपुर और जालौन जैसे जिलों में भेजा जाएगा। इससे महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।

आधुनिक पुलिसिंग और नए कानूनों की ट्रेनिंग

प्रशिक्षण के दौरान नवआरक्षियों को आधुनिक पुलिसिंग, भीड़ नियंत्रण, व्यवहारिक कौशल और डिजिटल साक्ष्य से जुड़ी जानकारी दी गई। खास बात यह है कि यह पहला बैच है, जिसने नए आपराधिक कानूनों और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की विशेष ट्रेनिंग प्राप्त की है।

थानों में बढ़ेगी कार्य क्षमता

पासिंग आउट के बाद इन सभी सिपाहियों को विभिन्न थानों में तैनात किया जाएगा। कोतवाली शहर, नवाबाद, सीपरी बाजार, प्रेमनगर, रक्सा सहित प्रमुख थानों में आवश्यकता अनुसार बल भेजा जाएगा। महिला थाना और साइबर थाना के लिए भी विशेष तैनाती की योजना बनाई गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने कहा कि सभी नव नियुक्त पुलिसकर्मी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे।

गणमान्य लोगों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में जिलाधिकारी गौरांग राठी, एसपी सिटी प्रीति सिंह, एसपी देहात डॉ. अरविंद कुमार सिंह सहित कई पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments