HomeNEWSझांसी में स्वाइन फ्लू का एक मामला सामने आया, स्वास्थ्य विभाग सतर्क

झांसी में स्वाइन फ्लू का एक मामला सामने आया, स्वास्थ्य विभाग सतर्क

H1N1 संक्रमित मरीज होम आइसोलेशन में, स्वास्थ्य में सुधार; 15 लोगों समेत परिजनों की हुई जांच, सभी स्वस्थ

  • नरेश राठौर

झांसी। जनपद में इन्फ्लूएंजा-ए (H1N1) यानी स्वाइन फ्लू का एक मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। संक्रमित मरीज वर्तमान में होम आइसोलेशन में है और चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार मरीज की हालत स्थिर है और उसके स्वास्थ्य में लगातार सुधार हो रहा है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिशिर पुरी ने बताया कि 3 सितंबर 2026 को प्राप्त लैब रिपोर्ट में मरीज के इन्फ्लूएंजा-ए (H1N1) से संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मरीज के संपर्क में आए लोगों की पहचान के लिए कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग शुरू की।

15 लोगों की जांच, परिजन भी स्वस्थ

सीएमओ कार्यालय के कंट्रोल रूम की टीम ने शिवाजी नगर क्षेत्र में मरीज के संपर्क में आए 15 लोगों की जांच की। वहीं विकासखंड बामौर की ब्लॉक रिस्पांस टीम (BRT) ग्राम भौमई पहुंची और मरीज के परिजनों तथा अन्य निकट संपर्कों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक जांच के दौरान किसी भी संपर्क व्यक्ति में स्वाइन फ्लू के लक्षण नहीं मिले। मरीज के दादा-दादी, पिता और बहन समेत सभी परिजन स्वस्थ पाए गए हैं।

ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जागरूकता अभियान

स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में लोगों को स्वाइन फ्लू से बचाव के उपायों की जानकारी दी। इस दौरान व्यक्तिगत स्वच्छता, खांसी-शिष्टाचार और संक्रमण से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों के बारे में लोगों को जागरूक किया गया।

वर्तमान में जनपद में इन्फ्लूएंजा-ए (H1N1) का एक सक्रिय पॉजिटिव मामला है। एहतियात के तौर पर एक अन्य संदिग्ध मरीज का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया है।

स्वास्थ्य विभाग ने की सावधानी बरतने की अपील

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि खांसी या छींक आने पर रूमाल अथवा टिश्यू का इस्तेमाल करें और नियमित रूप से हाथ धोते रहें। बुखार, खांसी, गले में दर्द या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने को कहा गया है।

भीड़भाड़ वाले स्थानों पर आवश्यकता के अनुसार मास्क का इस्तेमाल करने की भी सलाह दी गई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जनपद में स्थिति नियंत्रण में है और निगरानी के साथ आवश्यक कार्रवाई लगातार जारी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments