HomeNEWSसीएसए का 28वां दीक्षांत समारोह आज, 372 विद्यार्थियों को प्रदान की जाएंगी...

सीएसए का 28वां दीक्षांत समारोह आज, 372 विद्यार्थियों को प्रदान की जाएंगी उपाधियां

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल करेंगी अध्यक्षता, बीमस्टेक महासचिव इंद्रमणि पांडेय होंगे मुख्य अतिथि; 33 मेधावियों को मिलेंगे पदक

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए), कानपुर का 28वां दीक्षांत समारोह 10 जुलाई को आयोजित होगा। समारोह की अध्यक्षता विश्वविद्यालय की कुलाधिपति एवं उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल करेंगी, जबकि बीमस्टेक (BIMSTEC) के महासचिव एंबेसडर इंद्रमणि पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

विश्वविद्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता ने बताया कि इस वर्ष कुल 372 विद्यार्थियों को विभिन्न पाठ्यक्रमों की उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इनमें 69 विद्यार्थियों को पीएचडी, 179 को बीएससी (कृषि), 28 को बीएससी (उद्यान), 19 को बीएससी (फॉरेस्ट्री), 10 को बीएससी (कम्युनिटी साइंस), 52 विद्यार्थियों को विभिन्न शाखाओं में बीटेक, 8 को बीएफएससी तथा 7 विद्यार्थियों को बीटेक (डेयरी टेक्नोलॉजी) की डिग्री प्रदान की जाएगी।

कुलपति ने बताया कि उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए 33 विद्यार्थियों को विभिन्न पदकों से सम्मानित किया जाएगा। इनमें 14 छात्राओं तथा 19 छात्रों को पदक प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह विश्वविद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों की मेहनत का परिणाम है कि बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं।

कुलसचिव श्रीमती रेनू सिंह ने बताया कि समारोह में 9 विद्यार्थियों को कुलाधिपति स्वर्ण पदक, 9 को विश्वविद्यालय रजत पदक, 9 को विश्वविद्यालय कांस्य पदक तथा 6 विद्यार्थियों को प्रायोजित स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जाएगा।

प्रेस वार्ता में अर्थ नियंत्रक श्री संजय राय, विश्वविद्यालय के सभी अधिष्ठाता, निदेशक एवं विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments