
अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का लिया संकल्प, लोगों से भी हरियाली बढ़ाने की अपील
- दिव्या पाण्डेय
कानपुर नगर। पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पुलिस उपमहानिरीक्षक अतुल कुमार शर्मा (आईपीएस) ने अपने परिवारजनों के साथ वृक्षारोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संदेश दिया।
डीआईजी अतुल कुमार शर्मा ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि मानव जीवन के लिए अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे प्रत्येक वर्ष अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उनके संरक्षण का भी संकल्प लें, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण मिल सके।
उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण तभी सार्थक होगा जब लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखा जाए। इस दौरान परिवारजनों ने भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताते हुए वृक्षारोपण किया और हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया।


