HomeNEWSडीएम महोबा और एसपी ने की सड़क सुरक्षा समिति की बैठक

डीएम महोबा और एसपी ने की सड़क सुरक्षा समिति की बैठक

स्कूली वाहनों की फिटनेस, अतिक्रमण हटाने और सड़क सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश

  • मोहित कुमार

महोबा। जिलाधिकारी महोबा एवं पुलिस अधीक्षक महोबा की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने स्कूल वाहनों की फिटनेस जांच, वाहन चालकों के चरित्र सत्यापन, प्रमुख मार्गों पर साइनेज बोर्ड लगाए जाने तथा ओवरलोड वाहनों एवं सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमणों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में एनएचएआई छतरपुर को निर्देशित किया गया कि महोबा-छतरपुर मार्ग पर किडारी फाटक से कलेक्ट्रेट मोड़ तक जिन स्पीड ब्रेकरों के स्लोप सही नहीं हैं, उनका तत्काल सुधार कराया जाए तथा उन पर पेंटिंग का कार्य शीघ्र पूरा कराया जाए।

जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि अवशेष स्कूली वाहनों की फिटनेस जांच शीघ्र पूर्ण कराई जाए। साथ ही सभी स्कूल वाहनों में निर्धारित चेकलिस्ट के आधार पर सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, मोबाइल फोन की उपलब्धता, अग्निशमन यंत्र एवं आपातकालीन खिड़कियों की जांच प्राथमिकता से सुनिश्चित की जाए।

डीएम और एसपी ने महोबा, चरखारी एवं कुलपहाड़ क्षेत्रों में दुर्घटनाओं का कारण बनने वाले अवैध अतिक्रमणों को चिन्हित कर उन्हें सख्ती से हटाने के निर्देश दिए। साथ ही ब्लैक स्पॉट से संबंधित अवशेष कार्यों को आगामी बैठक से पूर्व पूरा करने को कहा गया।

बैठक में राष्ट्रीय राजमार्गों पर संचालित वाहन धुलाई केंद्रों की भी समीक्षा की गई। ऐसे धुलाई केंद्र, जिनका पानी हाईवे पर बहता है और दुर्घटनाओं का कारण बनता है, उनके विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सड़क सुरक्षा सभी विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है और दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments