मकदूम शाह आला दरगाह के उर्स को लेकर पुलिस ने कसी कमर
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। आगामी मकदूम शाह आला दरगाह शरीफ उर्स/मेले को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त पूर्वी सत्यजीत गुप्ता एवं अपर पुलिस उपायुक्त पूर्वी शिवा सिंह ने स्थानीय समुदाय, धर्मगुरुओं, मौलानाओं एवं उर्स मेले के आयोजकों के साथ बैठक कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की।बैठक में उर्स/मेले के दौरान संभावित श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, यातायात, पार्किंग, प्रवेश एवं निकास मार्ग, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी तथा प्रकाश व्यवस्था समेत विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।पुलिस अधिकारियों ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मेले के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, प्रभावी भीड़ नियंत्रण, सुगम यातायात व्यवस्था तथा संवेदनशील स्थानों पर सतर्क निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने को कहा गया।पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय समुदाय एवं उर्स आयोजकों से पुलिस-प्रशासन के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान शांति, सौहार्द एवं आपसी भाईचारे का वातावरण बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाह, संदिग्ध गतिविधि अथवा आपात स्थिति की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।


