HomeNEWSतिरंगे के रंग में रंगेगा कानपुर उत्तर, 10 से 15 अगस्त तक...

तिरंगे के रंग में रंगेगा कानपुर उत्तर, 10 से 15 अगस्त तक राष्ट्रभक्ति के कार्यक्रमों की धूम

मंडलों में तिरंगा यात्रा से लेकर जिले की भव्य यात्रा तक बनी रणनीति, 13 अगस्त को फूलबाग से घंटाघर तक गूंजेगा राष्ट्रगान और भारत माता का जयघोष

  • सौम्या पाण्डेय

कानपुर नगर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कानपुर उत्तर को तिरंगे के रंग में रंगने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने व्यापक अभियान की रणनीति तैयार की है। हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा एवं तिरंगा यात्रा को लेकर भाजपा कानपुर उत्तर जिले की महत्वपूर्ण बैठक नवीन मार्केट स्थित जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करते हुए कार्यकर्ताओं को अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी गई।

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने बताया कि 10 से 12 अगस्त तक जिले के विभिन्न मंडलों में तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी। इसके बाद 13 अगस्त को कानपुर उत्तर जिले की भव्य तिरंगा यात्रा सुबह 10 बजे गांधी प्रतिमा, फूलबाग से प्रारंभ होकर भारत माता प्रतिमा, घंटाघर तक पहुंचेगी। यात्रा के दौरान राष्ट्रभक्ति के नारों, तिरंगे और भारत माता के जयघोष से शहर में देशभक्ति का वातावरण बनाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका दिवस के अवसर पर कल्याणपुर-पनकी रोड स्थित सीएनजी पेट्रोल पंप से पारस गेस्ट हाउस तक मौन जुलूस निकाला जाएगा। इसके पश्चात विभाजन की त्रासदी एवं उसके दर्द को स्मरण करते हुए संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा।

इसी क्रम में 12 से 14 अगस्त तक शहीदों, वीर स्वतंत्रता सेनानियों एवं महापुरुषों की प्रतिमाओं पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। वहीं 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा एवं घर-घर तिरंगा अभियान के तहत लोगों को अपने घरों पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

बैठक में भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व को केवल औपचारिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि हर घर तक तिरंगा और हर हृदय तक राष्ट्रभक्ति का संदेश पहुंचाया जाएगा।

बैठक में तिरंगा यात्रा के संयोजक एवं जिला महामंत्री अभिनव दीक्षित, अवधेश सोनकर, प्रमोद विश्वकर्मा, शिवांग मिश्रा, सीमा एमबीए, जन्मेजय सिंह, सत्यम गुप्ता, नवाब सिंह, पारस मदान, किरन तिवारी, रीता पासवान, शालिनी कटियार, सुरेंद्र गुप्ता, मोनेन्द्र राजपूत, विनोद पाल, प्रशांत त्रिपाठी, शैल शुक्ला, आशीष बाजपेई, सरोज सिंह, राधा सैनी, प्रभाकर अवस्थी, पूनम कंवर, भावना बाजपेई, सुरेश गुप्ता सहित सभी मंडल अध्यक्ष एवं मंडल प्रभारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments