
थाना परिसर की व्यवस्थाओं, अभिलेखों और कानून-व्यवस्था की समीक्षा; लंबित मामलों के समयबद्ध निस्तारण और जनसुनवाई को प्रभावी बनाने के दिए निर्देश।
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। पुलिस उपायुक्त सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने थाना बजरिया का आकस्मिक निरीक्षण कर थाना स्तर पर संचालित व्यवस्थाओं, अभिलेखों और कानून-व्यवस्था से संबंधित कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीसीपी ने थाना परिसर की साफ-सफाई, कार्यालयीन व्यवस्था, पेयजल, विद्युत एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता का निरीक्षण किया। इसके साथ ही पुलिस बैरक और मैस की स्वच्छता, भोजन की गुणवत्ता, रसोई की साफ-सफाई तथा पुलिसकर्मियों को उपलब्ध सुविधाओं की भी जानकारी ली।
आगंतुक कक्ष और जनसुनवाई की व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने आमजन के साथ पुलिसकर्मियों के व्यवहार पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। महिला हेल्प डेस्क एवं मिशन शक्ति केंद्र की कार्यप्रणाली तथा संबंधित अभिलेखों का भी निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान मालखाने में जब्त एवं बरामद माल के सुरक्षित और व्यवस्थित रख-रखाव की स्थिति देखी गई। थाना अभिलेखों, रजिस्टरों, कंप्यूटर कक्ष और ऑनलाइन कार्यों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा के साथ ही सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता एवं निगरानी व्यवस्था भी जांची गई।
पुलिस उपायुक्त ने शस्त्रागार में रखे शस्त्र एवं कारतूस, दंगा-रोधी उपकरणों तथा पुलिस बल की तैयारियों की भी समीक्षा की। इसके अलावा लंबित प्रार्थना-पत्रों एवं विवेचनाओं के निस्तारण, गश्त व्यवस्था और अपराध नियंत्रण के लिए की जा रही कार्रवाई की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान डीसीपी सेंट्रल ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को थाना कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनोन्मुखी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने तथा कानून-व्यवस्था को और बेहतर बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।


