HomeNEWSशिक्षक दिवस पर जनपद के 162 शिक्षकों को किया गया सम्मानित

शिक्षक दिवस पर जनपद के 162 शिक्षकों को किया गया सम्मानित

राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के कार्यक्रम में शिक्षकों के योगदान को सराहा गया; पुरानी पेंशन बहाली और आठवें वेतन आयोग को लेकर मिलकर संघर्ष का ऐलान।

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। शिक्षक दिवस के अवसर पर राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद उत्तर प्रदेश, कानपुर नगर की ओर से जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के एल.टी.-3 हॉल में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता परिषद के अध्यक्ष राजा भरत अवस्थी ने की। समारोह में जनपद के 162 से अधिक शिक्षकों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी नगर आलोक कुमार गुप्ता रहे। वहीं अतिविशिष्ट अतिथि शिक्षक एमएलसी एवं राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष राज बहादुर सिंह चंदेल तथा विशिष्ट अतिथि महामंत्री संजय कुमार शुक्ला उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में अपर जिलाधिकारी नगर आलोक कुमार गुप्ता ने कहा कि व्यक्ति के व्यक्तित्व को निखारने और उसे सशक्त बनाने में शिक्षक की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। शिक्षा केवल ज्ञान प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने और संस्कारों से जोड़ने का भी साधन है। उन्होंने जनपद के सभी शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और समाज के उत्थान के लिए प्रशासन शिक्षकों के साथ खड़ा रहेगा।

शिक्षक एमएलसी राज बहादुर सिंह चंदेल ने कहा कि राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद की ओर से आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह समाज में शिक्षकों के प्रति सम्मान का सकारात्मक संदेश देता है। वहीं प्रदेश अध्यक्ष एसपी तिवारी ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी और शिक्षक मिलकर पुरानी पेंशन बहाली तथा आठवें वेतन आयोग को लागू कराने के लिए संघर्ष करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान ज्योति बाबा ने उपस्थित लोगों को नशामुक्ति का संकल्प दिलाया। कूटा अध्यक्ष बीडी पांडेय ने कहा कि वर्तमान समय में कुछ ही संगठन शिक्षकों के सम्मान के लिए इस तरह के कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं और राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद उनमें अग्रणी है।

समारोह में शिक्षक नेता हेमराज सिंह गौर, राकेश तिवारी, अनिल कटियार, योगेंद्र कुमार सिंह, विकास तिवारी, अभय मिश्रा, आरके त्रिपाठी, अनुग्रह त्रिपाठी और अरविंद कुमार कुशवाहा सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे।

कार्यक्रम में परिषद के अध्यक्ष राजा भरत अवस्थी, ए.एन. द्विवेदी, अजय द्विवेदी (मंडलीय मंत्री), रणधीर सिंह (वरिष्ठ उपाध्यक्ष), इंजीनियर कोमल सिंह (मंत्री), मंजूरानी कुशवाहा (सम्प्रेक्षक), साहब सरताज (चेयरमैन संघर्ष समिति), धर्मेंद्र अवस्थी (कोषाध्यक्ष), हरीश श्रीवास्तव (संगठन मंत्री), मनोज झा (संयुक्त मंत्री) सहित परिषद के अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments