HomeNEWSत्योहारों से पहले पुलिस की तैयारियों का डीसीपी दक्षिण ने लिया जायजा

त्योहारों से पहले पुलिस की तैयारियों का डीसीपी दक्षिण ने लिया जायजा

जूही थाने में त्योहार रजिस्टर की समीक्षा, बारादेवी मंदिर पहुंचकर सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन व्यवस्था परखी

  • ऋषभ कुमार

कानपुर नगर। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए कानपुर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार, 7 अक्टूबर 2026 को पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने थाना जूही का निरीक्षण किया। इस दौरान अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिण अरीबा नोमान एवं सहायक पुलिस आयुक्त बाबूपुरवा भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान डीसीपी दक्षिण ने थाना जूही के त्योहार रजिस्टर का अवलोकन किया। उन्होंने पूर्व में आयोजित त्योहारों से संबंधित दर्ज सूचनाओं, जुलूस मार्गों, संवेदनशील स्थानों तथा अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी ली और आगामी त्योहारों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।

अधिकारियों ने क्षेत्र में संभावित भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती तथा प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को क्षेत्र में लगातार भ्रमण और पेट्रोलिंग करने के लिए कहा गया।

इसके बाद डीसीपी दक्षिण एवं अन्य अधिकारियों ने बारादेवी मंदिर का स्थलीय निरीक्षण किया। मंदिर परिसर और आसपास की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए श्रद्धालुओं के आवागमन, भीड़ नियंत्रण, प्रवेश एवं निकास मार्गों की स्थिति को देखा गया।

डीसीपी ने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि त्योहारों के दौरान ड्यूटी में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के साथ आवश्यकता पड़ने पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस प्रबंध, नियमित पेट्रोलिंग और प्रभावी निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

पुलिस अधिकारियों ने आगामी त्योहारों को देखते हुए थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को तैयार रहने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने आपसी समन्वय के साथ सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने पर भी जोर दिया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments