
सीतापुर मंडल के उपरायं में आयोजित विशाल जनसभा में उमड़ा जनसैलाब, मुख्यमंत्री ने भाजपा के पक्ष में मतदान कर विकास की गति बनाए रखने का किया आह्वान
- नरेश राठौर
दतिया। विधानसभा उपचुनाव के तहत सीतापुर मंडल के उपरायं में भारतीय जनता पार्टी की विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। जनसभा में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शिरकत करते हुए पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में मतदान की अपील की। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि दतिया की जनता विकास, सुशासन और जनकल्याण की नीतियों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है और आने वाले समय में भी विकास कार्यों की गति और तेज की जाएगी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाए। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता का समर्थन भारतीय जनता पार्टी को ऐतिहासिक विजय दिलाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसभा में उमड़ा जनसमर्थन केवल भीड़ नहीं, बल्कि विकास के प्रति जनता के विश्वास और भाजपा के प्रति उनके मजबूत समर्थन का प्रतीक है। उन्होंने मतदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में मतदान कर भाजपा प्रत्याशी को विजयी बनाने की अपील की।
जनसभा के दौरान कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। भाजपा नेताओं ने कहा कि जनता के सहयोग और कार्यकर्ताओं की मेहनत के बल पर दतिया विधानसभा उपचुनाव में पार्टी प्रचंड बहुमत से जीत दर्ज करेगी तथा क्षेत्र में विकास का नया अध्याय लिखा जाएगा।


