तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर छात्राओं ने राष्ट्रीय गौरव और देश के प्रति समर्पण का दिया संदेश
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। दयानंद गर्ल्स पी.जी. कॉलेज, कानपुर में प्राचार्या प्रो. वंदना निगम के मार्गदर्शन में ‘सेल्फी विद तिरंगा’ कार्यक्रम का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर पूरे उत्साह एवं गर्व के साथ अभियान में सहभागिता की और अपनी सेल्फी वेबसाइट पर अपलोड की।
छात्राओं ने राष्ट्रध्वज के साथ आकर्षक एवं प्रेरणादायक सेल्फी लेकर स्वतंत्रता के प्रति अपने सम्मान, देश के प्रति समर्पण और राष्ट्रीय गौरव की भावना को अभिव्यक्त किया। इस दौरान महाविद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों और उत्साहपूर्ण वातावरण से ओत-प्रोत नजर आया।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. अंजना श्रीवास्तव ने छात्राओं को भारतीय राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, उसके सही उपयोग तथा भारतीय ध्वज संहिता के महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं से राष्ट्रध्वज की गरिमा और सम्मान बनाए रखने का आह्वान किया।
आयोजन में महाविद्यालय की एनसीसी, एनएसएस एवं रेंजर्स इकाइयों की सक्रिय सहभागिता रही। छात्राओं ने उत्साह के साथ कार्यक्रम में हिस्सा लिया और राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान एवं राष्ट्रप्रेम का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर महाविद्यालय की सेल्फ फाइनेंस निर्देशिका प्रो. अर्चना वर्मा, समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम ने छात्राओं में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत किया।


